शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सोनीपत

मिशन एडमिशन:सैनिक स्कूल में छठी और नौवीं कक्षा में दाखिले के लिए आवेदन शुरू – Applications Open For Admission To Classes Vi And Ix In Sainik Schools

November 12, 2026


– 2 दिसंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन, 31 जनवरी 2027 को होगी प्रवेश परीक्षा

– छठी में 100 और नौवीं में 45 सीटों पर प्रवेश की संभावना

संवाद न्यूज एजेंसी

सोनीपत। सैनिक स्कूल रेवाड़ी में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठी और नौवीं में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (एआईएसएसईई)-2027 के लिए विद्यार्थी दो दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित होगी।

उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन और विस्तृत जानकारी के लिए एनटीए की वेबसाइट https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society/ तथा https://nta.ac.in/ पर जा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि सैनिक स्कूल में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का अवसर मिलता है। इन स्कूलों का उद्देश्य विद्यार्थियों को सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी बनने के लिए तैयार करना है।

छठी में 100 और नौवीं में 45 सीटों की संभावना

उपायुक्त ने बताया कि सैनिक स्कूल में कक्षा छठी के लिए लगभग 100 सीटें संभावित हैं। इनमें 67 सीटें लड़कों और 33 लड़कियों के लिए होंगी। इसी प्रकार नौवीं कक्षा में लगभग 45 सीटों पर प्रवेश की संभावना है। इनमें 30 सीटें लड़कों और 15 लड़कियों के लिए निर्धारित हैं। वास्तविक सीटों की संख्या विद्यार्थियों के उत्तीर्ण होने और विद्यालय छोड़ने के आधार पर तय होगी।

विद्यालय में हरियाणा के विद्यार्थियों के लिए 67 फीसदी और अन्य राज्यों के विद्यार्थियों के लिए 33 फीसदी सीटें निर्धारित हैं। आरक्षण के तहत अनुसूचित जाति के लिए 15 फीसदी, अनुसूचित जनजाति के लिए सात फीसदी और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 फीसदी सीटें आरक्षित हैं। इसके अलावा शेष सीटों में से 25 फीसदी रक्षा कर्मियों और पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी। दाखिला प्रवेश परीक्षा की मेरिट और चिकित्सा जांच में योग्य पाए जाने के आधार पर होगा।

आयु सीमा और आवेदन की तिथियां

कक्षा छठी में प्रवेश के लिए विद्यार्थी का जन्म एक अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच होना चाहिए। नौवीं कक्षा के लिए जन्म एक अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच होना अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा करवाने की अंतिम तिथि 2 दिसंबर रात 11:50 बजे तक है। विलंब शुल्क के साथ तीन से छह दिसंबर तक आवेदन किया जा सकेगा। आवेदन पत्र में संशोधन के लिए सात से नौ दिसंबर तक अवसर मिलेगा। परीक्षा केंद्रों के शहरों की जानकारी 11 दिसंबर को जारी होगी। प्रवेश पत्र 25 जनवरी 2027 से डाउनलोड किए जा सकेंगे।

छठी में 125 और नौवीं में 150 प्रश्न होंगे

कक्षा छठी की प्रवेश परीक्षा में गणित के 50 तथा सामान्य ज्ञान, भाषा और बुद्धिमत्ता के 25-25 प्रश्न होंगे। कुल 125 प्रश्नों के लिए 300 अंक निर्धारित हैं। नौवीं कक्षा की परीक्षा में गणित के 50 और अंग्रेजी, बुद्धिमत्ता, सामान्य विज्ञान तथा सामाजिक विज्ञान के 25-25 प्रश्न होंगे। इसमें कुल 150 प्रश्नों के लिए 400 अंक निर्धारित हैं। परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी और पेन-पेपर माध्यम से आयोजित की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X