शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सिरसा

Sirsa News:नाबालिग से दुष्कर्म और शादी के बाद शोषण के आरोप में पति गिरफ्तार – Husband Arrested In Domestic Violence

November 12, 2026


दुष्कर्म से गर्भवती हो गई थी नाबालिग, शादी के बाद भी मारपीट व प्रताड़ना का लगा आरोप

संवाद न्यूज एजेंसी

सिरसा। सिरसा महिला थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और शादी के बाद शोषण के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिलीप चतरगढ़पट्टी, सिरसा का निवासी है। उस पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने का आरोप है।

पुलिस प्रवक्ता राजपाल ने बताया कि नाबालिग की मां ने महिला थाना सिरसा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, दिलीप ने उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया जिससे वह गर्भवती हो गई।

कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी पक्ष ने शादी का दबाव बनाया। युवक के पिता ने अपनी सरकारी नौकरी और सामाजिक प्रतिष्ठा का हवाला देकर परिवार को विवाह के लिए राजी किया।

शादी के बाद भी पीड़िता को घरेलू हिंसा, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। पति पर खुद नशा करने और पत्नी को भी नशे के लिए मजबूर करने का आरोप है।

पुलिस ने 7 नवंबर को महिला थाना सिरसा में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, पॉक्सो एक्ट व भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।

जांच अधिकारी पीएसआई कोमल सिंह ने महिला अधिवक्ता की मौजूदगी में पीड़िता के बयान दर्ज कर उसकी काउंसिलिंग करवाई। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी दिलीप को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X