Sirmour News:चोरों का खौफ, दो पंचायतों में 30 ट्यूबवेलों की मोटरें चोरी – 30 Tubewel Stolen In Kundiyo Panchyat
तीन महीनों से जारी वारदात से किसानों की निजी सिंचाई योजनाएं ठप, सैकड़ों बीघा जमीन की सिंचाई प्रभावित
मोटरें चोरी होने से किसानों पर हजारों रुपये का अतिरिक्त बोझ
भजन चौधरी
धौलाकुआं (सिरमौर)। विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुंडियों और शनंतोखगढ़-पुरुवाला में अज्ञात चोरों ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। चोर अब तक 30 से अधिक ट्यूबवेलों में लगी मोटरों पर हाथ साफ कर चुके हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के चलते क्षेत्र की अधिकांश निजी सिंचाई योजनाएं ठप पड़ गई हैं। इससे किसानों की सैकड़ों बीघा कृषि भूमि की सिंचाई प्रभावित हो रही है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कुंडियों पंचायत के पूर्व प्रधान सरवण सिंह ने बताया कि पिछले तीन महीनों में करीब 30 ट्यूबवेलों से मोटरें चोरी हो चुकी हैं। इसके अलावा कई निजी सिंचाई योजनाओं की सर्विस तारें भी काट दी गई हैं। स्थानीय निवासी जसमेर सिंह ने बताया कि उनके खेत आबादी से कुछ दूरी पर स्थित हैं। यहां एक महीने के भीतर निरंजन सिंह और लालदीन समेत कई किसानों के ट्यूबवेल बंद पड़े हैं। वहीं, हरजीत सिंह, अमरीक, हुकमदीन, अर्जुन सिंह, शाहमुहोमद और शराफत अली समेत कई किसानों के खेतों में लगे ट्यूबवेलों से मोटरें चोरी हो चुकी हैं। मोटरें गायब होने से निजी सिंचाई योजनाएं बंद पड़ी हैं और किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं।
किसानों का कहना है कि सिंचाई व्यवस्था ठप होने से सैकड़ों बीघा जमीन बिना पानी के बंजर होने की कगार पर है। चोरी की घटनाओं की सूचना समय-समय पर पुलिस को भी दी गई है, लेकिन इसके बावजूद वारदात का सिलसिला थम नहीं रहा है। किसानों को दोबारा मोटरें खरीदकर लगाने के लिए हजारों रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे हैं।
विधायक के गृह क्षेत्र में भी चोरों के हौसले बुलंद
पांवटा साहिब के विधायक के गृह क्षेत्र की पंचायत में भी चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय निवासी बहादुर सिंह ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में भी एक दर्जन से अधिक मोटरें चोरी हो चुकी हैं। अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। चोरी हुई मोटरों के स्थान पर नई मोटरें लगवाने के लिए किसानों को हजारों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
रात की गश्त बढ़ाने की उठी मांग
बाहती महासभा के चेयरमैन सुभाष चौधरी ने कहा कि चोर बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और उनकी सिंचाई व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाली इन घटनाओं पर अंकुश लगना जरूरी है। इस संबंध में पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने का आग्रह किया जाएगा, ताकि चोरी की वारदात पर रोक लग सके और किसानों को राहत मिल सके।
-लोगों की तरफ से शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज किए जा रहे हैं। संबंधित पुलिस थाना प्रभारियों को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।-एनएस नेगी, एसपी सिरमौर
बदलाव:
