Amethi News:शिक्षा और राजनीति में भागीदारी से मजबूत होगा समाज – Society Will Be Strengthened Through Participation In Education And Politics
भादर। शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी से समाज को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ सोमवार को पीपरपुर स्थित विश्वकर्मा मंदिर परिसर में विश्वकर्मा पूजा सम्मेलन एवं भंडारे का आयोजन किया गया। सृजन एवं समर्पण समाज सेवा ट्रस्ट और विश्वकर्मा पूजा समिति के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं उद्यम विभाग के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है। सामाजिक एकजुटता और जागरूकता से ही समाज मजबूत बनेगा। उन्होंने लोगों से राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभाने और एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि लोकजन सोशलिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र विश्वकर्मा भी मौजूद रहे। सम्मेलन में वक्ताओं ने शिक्षा, रोजगार, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। आयोजकों ने समाज की समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की बात कही।
इससे पहले दुर्गापुर बाजार में राज्यमंत्री का भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप विश्वकर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। शाम को मंदिर परिसर में भंडारा हुआ, जिसमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय संचालक विश्वकर्मा एकीकरण अभियान रामसेवक विश्वकर्मा ने किया। इस मौके पर हरीलाल विश्वकर्मा, योगी रुपेश विश्वकर्मा, रामजी मास्टर, शिवकुमार विश्वकर्मा, रामशंकर और संजय विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।
