Palwal News:युवक की हत्या के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली – Police Still Empty-handed Three Days After The Young Man’s Murder
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
शहर थाना क्षेत्र के हुडा चौक के पास मिलन ढाबे पर दीपावली के अगले दिन सोमवार तड़के साढ़े तीन बजे हुए विवाद में बल्लभगढ़ निवासी रोहित की हत्या के मामले में पुलिस को अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। वारदात के तीन दिन बाद भी पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। चार नामजद समेत 12-13 अन्य आरोपी फरार हैं। डीएसपी मुख्यालय नरेंद्र खटाना ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, खाना लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया था। शेखपुरा में अपने परिचित के घर आए रोहित के साथी मोहित और हेमंत ढाबे पर खाना लेने पहुंचे थे। बाद में रोहित और अन्य लोग भी ढाबे पर पहुंचे। इसी दौरान ढाबा मालिक और उसके साथियों ने उनके साथ गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि पप्पी डागर ने पिस्तौल से रोहित के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
