शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
भिवानी

Bhiwani News:स्वर्णकार समाज को अपमानित करने का आरोप, एसपी को सौंपा ज्ञापन – Allegation Of Insulting The Swarnakar (goldsmith) Community; Memorandum Submitted To The Sp

November 12, 2026


भिवानी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में समस्त स्वर्णकार (सुनार) समाज को कथित तौर पर चोर कहने के मामले में समाज के प्रतिनिधियों ने रोष जताया। युवा सुनार जनसेवा समिति के बैनर तले प्रतिनिधियों ने वीरवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

समिति के अनुसार वीडियो में भिवानी के एक व्यापारी ने सुनार समाज के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। वीडियो प्रसारित होने से जिलेभर के समाज में नाराजगी है। प्रतिनिधियों ने कहा कि इस टिप्पणी से समाज के नागरिकों की प्रतिष्ठा और भावनाएं आहत हुई हैं। समिति शहर थाने के एसएचओ को भी शिकायत दे चुकी है।

इस दौरान युवा सुनार जनसेवा समिति 1866 के प्रधान हेमंत वर्मा (गोल्डी), उपप्रधान रामकुमार, मनोज, विकास खेड़ी वाला, महासचिव अमित लम्बा, सहसचिव संजय सोनी व मनीष सोनी, मीडिया प्रभारी समीर सोनी मौजूद रहे। समाज की अन्य संस्थाओं से सुभाष चंद्र महिपाल, महेंद्र खिप्पल, मुकेश कुमार छपरिया और बहादुरगढ़ के प्रधान पवन वर्मा भी उपस्थित रहे।

कानून के दायरे में न्याय की मांग

प्रतिनिधियों ने कहा कि किसी को पूरे समाज के प्रति अभद्र टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। ऐसे वक्तव्य सामाजिक वैमनस्य और तनाव बढ़ा सकते हैं। उनका उद्देश्य विवाद या कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा करना नहीं, बल्कि संविधान और कानून के दायरे में समाज के मान-सम्मान की रक्षा और न्याय पाना है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X