Raebareli News:कोहरे में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर पलटा यात्री वाहन, पांच घायल – Passenger Vehicle Overturns On Lucknow-prayagraj Highway Amid Fog; Five Injured
रायबरेली। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर बृहस्पतिवार को नवाबगंज के पास सवारियों से भरा यात्री वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में पांच यात्री घायल हो गए, जबकि सात लोग सुरक्षित बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोहरे की धुंध के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जगतपुर से सवारियां लेकर एक मैजिक रायबरेली की तरफ जा रही थी। वाहन पर चालक समेत करीब 12 लोग सवार थे। हल्के कोहरे के बीच नवाबगंज के पास मैजिक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा देखकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर सभी को बाहर निकाला। पूरे पाठक निवासी सचिन कुमार पांडेय को गंभीर चोटें आईं। उन्हें सीएचसी जगतपुर में भर्ती कराया गया। वहीं, दिनेश, अरविंद कुमार, सत्येंद्र गुप्ता और अर्जुन सिंह को मामूली चोटें आईं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मैजिक की रफ्तार तेज थी। कोहरे के कारण चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका। गनीमत रही कि इस दौरान किसी अन्य वाहन से टक्कर नहीं हुई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। जगतपुर थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर जांच की और मैजिक को हाईवे से हटवाया। सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि नवाबगंज के पास मैजिक पलटी थी। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
नियमों को दरकिनार कर हाईवे पर दौड़ रहे वाहन
ट्रैफिक पुलिस यातायात माह के तहत वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक कर रही है। इसके बावजूद सड़कों और हाईवे पर नियमों की अनदेखी जारी है। तेज रफ्तार से वाहन चलाने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। बाइक पर तीन सवारी बैठाने और बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के वाहन चलाने के मामले भी सामने आ रहे हैं। सीओ ट्रैफिक विजयशंकर यादव ने बताया कि यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने पर वाहनों का चालान भी किया जा रहा है।
