सिरकोनी। जफराबाद थाना क्षेत्र के कबुलपुर स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की नेहरूनगर शाखा में बृहस्पतिवार को जलालपुर के नीलकंठपुर निवासी तेजबहादुर की जेब से 50 हजार रुपये चोरी हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर छानबीन शुरू कर दी। तेजबहादुर चौहान बृहस्पतिवार सुबह बैंक पहुंचे थे। उन्होंने अपने खाते से 50 हजार रुपये निकाले। इसके बाद बैंक के अंदर बेंच पर बैठकर नोटों की गड्डी गिनी और रुपये पैंट की जेब में रख लिए। फिर वह बैंक में लगी प्रिंटर मशीन से पासबुक अपडेट कराने लगे। इसी दौरान किसी ने उनकी जेब से रुपये निकाल लिए। जेब में रुपये न मिलने पर उन्होंने शोर मचाया तो बैंक में अफरा-तफरी मच गई। थानाध्यक्ष कमलनयन दूबे ने बताया कि बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। थानाध्यक्ष ने बताया कि फुटेज में घटना के समय वृद्ध के पास एक युवती और एक महिला दिखाई दे रही हैं। मामले की छानबीन की जा रही है।