शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Jind News:सीआरएसयू में हरियाणा उत्सव का आगाज, 41 इवेंट्स में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा – Haryana Utsav Begins At Crsu
जींद

Jind News:सीआरएसयू में हरियाणा उत्सव का आगाज, 41 इवेंट्स में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा – Haryana Utsav Begins At Crsu

November 13, 2026


जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू) में बुधवार को हरियाणा उत्सव का भव्य आगाज हुआ। विश्वविद्यालय परिसर हरियाणवी लोकगीतों, रागनियों, लोकनृत्यों और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर नजर आया। उत्सव में विद्यार्थियों ने 41 इवेंट्स के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत किया।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में दिल्ली विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी अनूप लाठर मुख्य अतिथि रहे, जबकि सायंकालीन सत्र में चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा के कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार विशिष्ट अतिथि रहे। कुलपति प्रो. राम पाल सैनी ने अतिथियों के साथ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर उत्सव का शुभारंभ किया।

कुलपति प्रो. राम पाल सैनी ने कहा कि हरियाणवी संस्कृति प्रदेश की पहचान, गौरवशाली विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। लोकगीत, रागनी, सांग और चौपाल की परंपराओं में हरियाणा की आत्मा बसती है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ लोककलाओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

अनूप लाठर और प्रो. बीआर कम्बोज ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ कला और संस्कृति का संरक्षण भी जरूरी है। उत्सव का पहला दिन हरियाणवी लोक संस्कृति, संगीत, परंपरा और युवा प्रतिभा के शानदार संगम के रूप में यादगार रहा।

हीरामल-जमाल के सांग ने बांधा समां

उत्सव में हीरामल-जमाल की लोकगाथा पर आधारित सांग आकर्षण का केंद्र रहा। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से प्रेम, विश्वास, त्याग और सामाजिक भाईचारे का संदेश दिया। वहीं, प्रसिद्ध लोक कलाकार राय धनपत सिंह की विरासत को उनके पौत्र प्रदीप राय ने मंच पर प्रस्तुति देकर आगे बढ़ाया। लोकनृत्य, रागनी, हरियाणवी शायरी, समूहगान, डुएट और चौपाल से जुड़ी प्रस्तुतियों में नौ टीमों ने भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा और ग्रामीण जीवन की झलक ने दर्शकों का मन मोह लिया।

महावीर गुड्डू, अमित ढुल और राज मावर की गायकी पर झूमे विद्यार्थी

हरियाणवी संगीत जगत के लोकप्रिय कलाकार पद्मश्री महावीर गुड्डू, अमित ढुल और राज मावर ने अपनी शानदार गायकी से उत्सव में चार चांद लगा दिए। उनके गीतों पर विद्यार्थी और दर्शक जमकर झूमे। इसके अलावा होटल मैनेजमेंट विभाग के विद्यार्थियों ने विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाकर पाककला का प्रदर्शन किया। मीडिया चौपाल में जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों ने अतिथियों के साक्षात्कार लिए। परिसर में बनाए गए सेल्फी पॉइंट भी विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र रहे।

12जेएनडी23,24,25: आयोजित कार्यक्रम में प्रस्तुति देते हुए कलाकार। स्रोत: सीआरएसयू

12जेएनडी23,24,25: आयोजित कार्यक्रम में प्रस्तुति देते हुए कलाकार। स्रोत: सीआरएसयू

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X