Ballia News:भरण-पोषण मामले में फिर कोर्ट नहीं पहुंचे पवन सिंह – Pawan Singh Fails To Appear In Court Again In Maintenance Case
बलिया। भोजपुरी अभिनेता एवं बिहार विधान परिषद सदस्य पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे भरण-पोषण के मुकदमे में बृहस्पतिवार को अपर प्रधान न्यायाधीश फैमिली कोर्ट में सुनवाई हुई।
इस दौरान ज्योति सिंह न्यायालय में उपस्थित हुईं, जबकि पवन सिंह अनुपस्थित रहे। उनकी ओर से अधिवक्ता ने पक्ष रखा। सुनवाई के दौरान ज्योति सिंह का दो पन्नों का बयान दर्ज किया गया। न्यायालय ने अगली सुनवाई के लिए तीन दिसंबर की तिथि निर्धारित की है।
पिछली सुनवाई में पवन सिंह के उपस्थित नहीं होने पर न्यायालय ने तीन हजार रुपये का जुर्माना लगाया था, जिसे उनके अधिवक्ता ने जमा कराया था। इसके बावजूद वह इस बार भी न्यायालय नहीं पहुंचे।
न्यायालय की गैरहाजिरी पर ज्योति ने जताई नाराजगी-न्यायालय परिसर के बाहर ज्योति सिंह ने मीडिया से बातचीत में पवन सिंह की लगातार गैरहाजिरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि न्यायालय के बार-बार बुलाने के बावजूद पवन सिंह उपस्थित नहीं हो रहे हैं। वह अपने पद और पैसे की ताकत के बल पर उन्हें परेशान कर रहे हैं। ज्योति ने सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक बेटी लंबे समय से न्याय के लिए भटक रही है, लेकिन उसकी परेशानी किसी को दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने पवन सिंह पर सार्वजनिक पद की गरिमा का ध्यान नहीं रखने का भी आरोप लगाया।
छह मार्च 2018 को हुई थी शादी, आरा में तलाक की अर्जी-पवन सिंह ने छह मार्च 2018 को बलिया शहर के मिड्ढी निवासी रामबाबू सिंह की पुत्री ज्योति सिंह से शादी की थी। दोनों के बीच विवाद के बाद पवन सिंह ने बिहार के आरा स्थित पारिवारिक न्यायालय में तलाक की अर्जी दाखिल की। वहीं, ज्योति सिंह ने 22 अप्रैल 2022 को बलिया फैमिली कोर्ट में अंतरिम भरण-पोषण की याचिका दायर कर मुकदमे के निस्तारण तक दो लाख रुपये प्रतिमाह देने की मांग की थी।
ज्योति सिंह ने अपनी शिकायत और न्यायालय में दिए गए आवेदन में मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न, मारपीट और गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। ये आरोप अभी न्यायिक रूप से सिद्ध नहीं हुए हैं। दोनों के बीच विवाद सुलझाने के लिए न्यायालय में काउंसिलिंग भी कराई गई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
