शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Rewari News:आज नहाय-खाय के साथ शुरू होगा छठ पर्व, घाटों पर तैयारियां पूरी – The Chhath Festival Begins Today With ‘nahay-khay’; Preparations At The Riverbanks Are Complete
रेवाड़ी

Rewari News:आज नहाय-खाय के साथ शुरू होगा छठ पर्व, घाटों पर तैयारियां पूरी – The Chhath Festival Begins Today With ‘nahay-khay’; Preparations At The Riverbanks Are Complete

November 13, 2026


रेवाड़ी। पूर्वांचल और बिहार के लोगों की आस्था का महापर्व छठ पूजा शुक्रवार को नहाय-खाय विधान के साथ शुरू होगा। चार दिवसीय इस पर्व के लिए सेक्टर-1 स्थित सोलहराही सरोवर के अलावा नई अनाज मंडी और कोनसीवास रोड पर कृत्रिम घाट बनाए गए हैं। आयोजन स्थलों पर वीरवार को टेंट लगाकर सजावट किया गया। स्वागत द्वार भी बनाए गए हैं।

रेवाड़ी शहर के साथ धारूहेड़ा और बावल में भी पूर्वांचलवासियों की ओर से छठ पूजा के आयोजन किए जाएंगे। पूर्वांचल सेवा समिति की ओर से सेक्टर-1 स्थित सोलहराही सरोवर पर छठ पूजा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। यहां इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई कुंड तैयार करवाए गए हैं।

पिछले वर्ष भी समिति की ओर से यहां घाट बनाया गया था। इस बार आयोजन को और बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं। नेहरू पार्क के साथ लगती सड़क पर प्रवेश द्वार बनाया गया है। आयोजन स्थल पर टेंट लगाकर सजावट भी की गई है।

नई अनाज मंडी में भी छठ पूजा के लिए कृत्रिम घाट तैयार किया गया है। कोनसीवास रोड पर पूर्वांचल छठ पूजा समिति की ओर से घाट बनाया गया है। यहां पोसवाल चौक और लियो चौक पर स्वागत द्वार भी लगाए गए हैं।

इसके अलावा धारूहेड़ा और बावल में भी छठ पूजा को लेकर कृत्रिम घाट तैयार किए जा रहे हैं। आयोजन समितियों की ओर से श्रद्धालुओं के पहुंचने और पूजा करने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।

चार दिन इस तरह मनाया जाएगा महापर्व

पूर्वांचल सेवा समिति के सदस्य अश्वनी ने बताया कि छठ पूजा की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। पहले दिन व्रती स्नान कर शुद्धता के साथ भोजन ग्रहण करेंगे। 14 नवंबर को खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और शाम को पूजा के बाद गुड़ की खीर, मीठा भात या लौकी की खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण करेंगे।

16 नवंबर को पर्व का अंतिम दिन

15 नवंबर को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। इस दिन व्रती बांस की टोकरी और सूप में फल, ठेकुआ, चावल के लड्डू सहित अन्य पूजन सामग्री सजाकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। 16 नवंबर को पर्व के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद व्रती पारण कर लगभग 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन करेंगे। छठ पूजा को लेकर पूर्वांचलवासियों में खासा उत्साह है। परिवारों में पर्व की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X