शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पौड़ी

Pauri News:मानदेय वृद्धि के लिए तहसील में गरजीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता – Anganwadi Workers Raise Their Voices At The Tehsil Office, Demanding An Increase In Honorarium

November 13, 2026


उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी

श्रीनगर। मानदेय में वृद्धि समेत तीन सूत्री मांगों के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। खिर्सू ब्लॉक अध्यक्ष आशा भट्ट और जिला महामंत्री मीना नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी श्रीनगर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने वर्तमान मानदेय के अतिरिक्त केंद्र और राज्य सरकार की ओर से 290 रुपये प्रतिदिन दिए जाने, मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने, सेवानिवृत्त होने वाली कार्यकर्ताओं को 10 लाख रुपये का लाभ देने और बायोमीट्रिक उपस्थिति प्रणाली से भी मुक्त रखने आदि की मांग की। संगठन अध्यक्ष आशा भट्ट ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी को अवगत कराने के बाद कार्यकर्ता नौ नवंबर से कार्य बहिष्कार पर हैं। जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। मनोरमा, अनीला, हेमा, मीना, रीता, रेखा सती, मुन्नी पांडे, शकुन्तला, सुनीता आदि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इस अवसर पर मौजूद रहीं।

पांच सूत्री मांगों के लिए आशाओं का कार्यबहिष्कार शुरू

श्रीनगर। निश्चित मानदेय सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं और आशा फैसिलिटेटरों ने अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को आशा संगठन की कीर्तिनगर ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मी जोशी और सचिव पूजा देवी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कीर्तिनगर के प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।

आशा कार्यकर्ताओं ने प्रतिमाह 26 हजार रुपये मानदेय देने, सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त पांच लाख रुपये की सहायता के साथ पेंशन की सुविधा देने की मांग उठाई। इसके अलावा भविष्य निधि और ईएसआई का लाभ देने की भी मांग की गई है। संगठन की पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार आशा कार्यकर्ताओं से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य करवा रही है, लेकिन उनके मानदेय और सामाजिक सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। साथ ही प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र में आशा घर बनाए जाने की मांग भी की। इस मौके पर संगठन की महामंत्री ममता देवी, अनीता देवी और बबीता देवी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X