Panipat News:पराली प्रबंधन के बताए वैकल्पिक उपाय – Suggested Alternative Methods For Stubble Management
कैथल। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के सदस्य एस.डी. अत्री ने पराली प्रबंधन के लिए कैलरम गांव के खेतों का दौरा किया। उन्होंने इन-सीटू और एक्स-सीटू तकनीकों के तहत किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। किसानों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। इस दौरान पराली प्रबंधन के लिए किए जा रहे प्रयासों में किसानों की भागीदारी की सराहना की। साथ ही वैकल्पिक उपाय भी बताए।
एस.डी. अत्री ने इसी क्रम में पिंजुपुरा गांव में पराली प्रबंधन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पराली प्रबंधन की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए किसानों को आर्थिक सहयोग के साथ साथ उन्हें पराली प्रबंधन के वैकल्पिक उपाय अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना बेहद जरूरी है। कैथल के किसान जागरूक हैं और पराली न जलाने की दिशा में सकारात्मक कदम उठा रहे हैं। इस समस्या का समाधान केवल प्रशासनिक कार्रवाई से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए सरकार, प्रशासन और किसानों को मिलकर सामूहिक जिम्मेदारी निभानी होगी। इस मौके पर उनके साथ एसडीएम संजय कुमार, डीडीए रविंद्र जाखड़, एसडीओ सतीश नारा, सहायक कृषि अभियंता जगदीश मलिक, ब्लॉक आफिसर जगबीर लांबा मौजूद रहे।
