Ambedkar Nagar News:मौसी को अपनी शादी का कार्ड देने निकले युवक की हादसे में मौत – Young Man Dies In Accident
जहांगीरगंज। शादी की खुशियों के बीच शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मौसी के घर शादी का निमंत्रण कार्ड देने जा रहे मऊ जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के सुरहुरपुर गांव निवासी सुमित तिवारी (28) की बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे में उनकी मौत हो गई। सुमित दो दिन पहले ही सऊदी अरब से घर लौटे थे। 27 नवंबर को उनकी शादी होनी थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में खुशियां मातम में बदल गईं।
पुलिस के अनुसार, सुमित सऊदी अरब में नौकरी करते थे। घर में उनकी शादी की तैयारियां चल रही थीं। 24 नवंबर को तिलक और 27 नवंबर को विवाह समारोह निर्धारित था। शुक्रवार को वह शादी का निमंत्रण कार्ड देने जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के चकपुरवा गांव स्थित अपनी मौसी गुड्डी देवी के घर जा रहे थे। रास्ते में उनकी अपने मौसा अरविंद दुबे से मोबाइल फोन पर बात भी हुई थी।
दोपहर करीब 2:30 बजे नरियांव-माडरमऊ मार्ग पर बीएम मेमोरियल स्कूल के पास मौसी के घर से करीब 500 मीटर पहले उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहांगीरगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल से हेलमेट मिला है, लेकिन हादसे के समय सुमित ने हेलमेट पहन रखा था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। सीओ आलापुर जितेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शहनाई की जगह घर में गूंज रहीं चीखें
जिस घर में कुछ दिन बाद शादी की शहनाई बजनी थी, वहां अब अपनों के विलाप से माहौल गमगीन है। जिस सुमित के हाथों में जल्द ही शादी की रस्मों के लिए हल्दी लगनी थी, वह निमंत्रण कार्ड बांटने निकले और फिर कभी घर नहीं लौट सके। हादसे की खबर मिलते ही मौसी समेत अन्य रिश्तेदार सीएचसी पहुंच गए। सुमित की असमय मौत से गांव और रिश्तेदारों में शोक की लहर है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सुमित तिवारी (फाइल फोटो) स्रोत- परिजन
