Kullu News:बर्फबारी से दारचा में रोके गए वाहन – Vehicles Halted In Darcha Due To Snowfall
कुल्लू। वीरवार रात से कुल्लू से लाहौल तक की पहाड़ियों में ताजा बर्फबारी हुुई है। इससे कुल्लू-मनाली से लेकर दारचा और उदयपुर तक दुश्वारियां बढ़ गई हैं। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से जनजीवन और यातायात की रफ्तार पर ब्रेक लग गई है। वीरवार रात से रुक-रुककर हो रही बर्फबारी के चलते प्रशासन ने मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए एहतियातन वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई है।
बर्फबारी के बाद मनाली-लेह मार्ग बंद होने से पुलिस ने दारचा चेक पोस्ट पर एहतियाती कदम उठाए हैं। लेह और शिंकुला की ओर जाने वाले करीब 40 वाहनों को दारचा में रोक दिया गया है, जबकि लगभग 50 वाहनों को वापस भेजा गया है। जिला पुलिस मौसम और सड़क की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए फिलहाल वाहनों को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बदल रहे मौसम और सड़क पर फिसलन के खतरे को देखते हुए पुलिस ने पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित की है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस ने कहा कि पर्यटक और आम लोग ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आवाजाही करने से बचें। संवाद
