भद्रकाली से पूर्णानंद पार्किंग की ओर आ रही बस के ब्रेक फेल होने से बस चालक सहित दो अन्य घायल हो गए। बस में करीब 50 छात्र सवार थे, जो शैक्षिक भ्रमण पर फिरोजाबाद उत्तर प्रदेश से हरिद्वार ऋषिकेश घूमने आए थे। बस भद्रकाली से ब्रह्मानंद मोड़ होते हुए बस पूर्णानंद पार्किंग जा रही थी। इस दौरान ब्रह्मानंद मोड़ से पीडब्ल्यूडी तिराहा के बीच बस के ब्रेक फेल हो गए। बस अनियंत्रित होकर आश्रम की बाउंड्रीवॉल से टकरा गई। घायल चालक सहित दो अन्य घायलों को अस्पताल में लाया जा रहा है। मुनि की रेती यातायात पुलिस का कहना है कि बस के ब्रेक फेल होने के कारण चालक सहित कुल तीन लोग घायल हुए हैं।
बदरीनाथ: वीकेंड पर धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, दर्शन के लिए मची मारामारी, आंकड़ा 23 लाख पार
बदरीनाथ धाम की इस साल की यात्रा संपन्न होने में अब महज दो दिन शेष हैं, लेकिन धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। वीकेंड पर बदरीविशाल के दर्शन के लिए तीर्थयात्रियों का हुजूम उमड़ पड़ा। दर्शनों के लिए मारामारी की स्थिति बनी हुई है। भीड़ के चलते कई तीर्थयात्रियों को बिना दर्शन किए ही वापस लौटना पड़ रहा है। शुक्रवार शाम तक धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 23 लाख के पार पहुंच गई। बदरीनाथ धाम में इस वर्ष यात्रा शुरू होने के साथ ही श्रद्धालुओं की अच्छी खासी आमद बनी रही। बरसात के दौरान भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्री धाम पहुंचे। अब कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या में और तेजी आ गई है। शुक्रवार को 17,420 श्रद्धालुओं ने बदरीविशाल के दर्शन किए, जबकि बृहस्पतिवार को 16 हजार श्रद्धालु धाम पहुंचे थे। शुक्रवार शाम तक कुल यात्रियों का आंकड़ा बढ़कर 23 लाख तीन हजार 869 पहुंच गया। शनिवार को भी धाम में दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही।