शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बर्बरता की हदें पार:एक ने सीने में चाकू घोंपे…दूसरे ने घसीटा, तीसरे ने डंडे बरसाए; इस वजह से हुआ था विवाद – 36-year-old Nitesh Johri Brutally Murdered In Rudrapur
नैनीताल

बर्बरता की हदें पार:एक ने सीने में चाकू घोंपे…दूसरे ने घसीटा, तीसरे ने डंडे बरसाए; इस वजह से हुआ था विवाद – 36-year-old Nitesh Johri Brutally Murdered In Rudrapur

November 14, 2026


रुद्रपुर में मोबाइल कारोबार में प्रतिस्पर्धा और विवाद ने युवा कारोबारी की जान ले ली। हत्यारोपियों ने कारोबारी के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दी। पहले उसके सीने में तीन बार चाकू से वार किया, फिर जब घायल कारोबारी जमीन पर गिर गया तो दूसरे आरोपी ने उसे घसीटा। तीसरे ने उसके ऊपर डंडे बरसा दिए।

जगतपुरा निवासी 36 वर्षीय नितेश जौहरी पुत्र कमलेश जौहरी की उसी के घर के नीचे मोबाइल की दुकान है। उसके सामने ही अमन प्रजापति अपनी मोबाइल की दुकान चलाता है। नितेश के परिजनों के अनुसार, मोबाइल रेट और सीसीटीवी कैमरे को लेकर दोनों के बीच कुछ दिन पहले विवाद हुआ था और धनतेरस पर विवाद मारपीट में बदल गया।

नितेश के पिता कमलेश का आरोप है कि इसके बाद परिजन आवास-विकास चौकी में शिकायत लेकर पहुंचे थे लेकिन पुलिस ने यह कह कर शिकायत नहीं ली की पहले अपना सिर फाेड़ लो, फिर शिकायत करने आना। शुक्रवार सुबह अमन अपनी दुकान पर सीसीटीवी कैमरे लगवा रहा था। आरोप है कि कैमरे का रुख नितेश की दुकान के गेट की तरफ था। इस पर नितेश, उसके भाई दिनेश और दुकान में काम करने वाले कर्मचारी कशिश ने विरोध किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पड़ोसी दुकानदार ने कशिश के सिर पर डंडे से हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब नितेश घायल कशिश को जिला अस्पताल लेकर जाने लगे तो आरोपियों ने उन्हें अंजाम भुगतने की चेतावनी दी और मुख्य आरोपी अमन अपने 14 साथियों के साथ जिला अस्पताल पहुंचा और पांचों पर हमला कर नितेश की निर्मम हत्या कर दी। पिता का कहना है कि अगर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती तो आज उनका बेटा जिंदा होता।

मुख्य आरोपी समेत 12 पर हत्या समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी

नितेश की हत्या मामले में कोतवाली पंतनगर पुलिस ने मुख्य आरोपी अमन प्रजापति समेत 14 युवकों पर हत्या समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मृतक के भाई दिनेश की तहरीर पर जगतपुरा निवासी अमन प्रजापति, आकाश कुमार, अमन, विकास कुमार, मनोज, भोला और अमन प्रजापति के दो साले समेत चार अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एक हिरासत में है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, कोतवाली पंतनगर, कोतवाली रुद्रपुर और कोतवाली ट्रांजिट कैंप की पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, मेरा बच्चा मार दिया…

बेटे की हत्या की खबर मिलते ही मां बदहवास हो गई। अस्पताल परिसर में बेटे का शव देखकर उसकी चीखें गूंज उठीं। वह बार-बार पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए कह रही थी कि पहले धमकियां दी गईं, शिकायत भी की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार बदमाशों ने उसके बेटे को मौत के घाट उतार दिया। उन्होंने कहा पुलिस ने कार्रवाई की होती तो उनका बच्चा नहीं मरता।

छह साल की बच्ची के सिर से उठा पिता का साया

नितेश की हत्या ने छह साल की मासूम लक्षिता से पिता का साया छीन लिया। पत्नी पार्वती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार बेटी के भविष्य को लेकर बिलख रही है। पत्नी ने बताया कि मासूम बार-बार पूछ रही है कि पापा कहां हैं। परिवार की खुशियां एक झटके में मातम में बदल गईं।

अस्पताल की सुरक्षा पर सवाल, खौफ में मरीज और तीमानदार

जिला अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर चाकूबाजी और हत्या की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। अस्पताल में आने-जाने वालों की निगरानी का कोई पुख्ता इंतजाम नजर नहीं आया। लोगों का कहना है कि जब अस्पताल में हथियार लेकर हमलावर पहुंच सकते हैं तो मरीजों और तीमारदारों की सुरक्षा कैसे होगी। —

अस्पताल की दीवार पर खून के धब्बे बयां कर रहे नितेश का संघर्ष

जिला अस्पताल के इमरजेंसी गेट के पास दीवार पर लगे खून के धब्बे शुक्रवार सुबह हुई खूनी वारदात की भयावह तस्वीर बयां कर रहे थे। जिस जगह मरीजों को जिंदगी बचाने के लिए लाया जाता है, वहीं नितेश जिंदगी की जंग हार गया। दीवार और फर्श पर बिखरे खून के निशान देखकर लोग सहम गए।

छावनी में तब्दील हुआ अस्पताल परिसर

अस्पताल में दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पूरा अस्पताल परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। मौके पर पीएसी की एक प्लाटून तैनात की गई। इसके अलावा सीओ, दो कोतवाली की पुलिस फोर्स, तीन एसएसआई समेत भारी संख्या में पुलिसकर्मी मोर्चा संभाले रहे। अस्पताल में आने-जाने वालों पर भी नजर रखी गई।

विधायक और पूर्व विधायक ने बांधा ढांढ़स

अस्पताल में हत्या की सूचना पर विधायक शिव अरोरा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, राजेश शुक्ला समेत कई जनप्रतिनिधि पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढ़स बंधाया और घटना पर नाराजगी जताई। जनप्रतिनिधियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा भी दिया।

जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा कशिश

अस्पताल में हुए हमले में घायल कर्मचारी कशिश की हालत गंभीर बनी हुई है। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसे प्राथमिक उपचार दिया गया लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसका उपचार चल रहा है। परिजन उसकी सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं।

आरोपी की दुकान का ताला तोड़ने पहुंचे मृतक के परिजन

नितेश की मौत से परिजनों का एक तरफ रो-रोकर बुरा हाल तो वहीं आक्रोश भी। पुलिस मामले की जांच के लिए आरोपी और मृतक की दुकान पर पहुंची। पुलिस को पूरी वारदात बताने के दौरान आक्रोशित मां और परिजनों ने आरोपी की दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश की, हालांकि पुलिस ने सभी को रोक दिया।

पीआरडी के सामने ही आरोपियों ने उजाड़ दिया परिवार, पुलिस के इकबाल पर सवाल

रुद्रपुर जिला अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर पीआरडी जवानों की मौजूदगी में हुई चाकूबाजी और हत्या की वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीसीटीवी फुटेज में तीन पीआरडी जवान नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि जवान हमलावरों को रोकने का प्रयास करते भी दिखाई दे रहे हैं लेकिन हमलावरों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर हमलावर हथियार लेकर अस्पताल के इमरजेंसी गेट तक कैसे पहुंच गए? जवानों की मौजूदगी के बावजूद स्थिति इतनी बेकाबू कैसे हो गई? क्या समय रहते पुलिस को सूचना देकर अतिरिक्त फोर्स नहीं बुलाई जा सकती थी? वहीं, परिजनों की ओर से पहले धमकी और शिकायत दिए जाने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई हुई या नहीं, यह भी जांच का विषय है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर दिनदहाड़े हुई हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ पुलिस के इकबाल पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

मारपीट के विवादों को क्यों हल्के में लेती है पुलिस

आपसी रंजिश में मारपीट के विवादों को अक्सर चौकी स्तर पर हल्के में लिया जाता है और कोशिश की जाती है कि सहमति से ही मामले का निपटारा किया जाए। मोबाइल कारोबारियों के बीच यह विवाद कोई अचानक पैदा हुई घटना नहीं थी। पहले भी धमकी दी गई थी और पुलिस को शिकायत दी गई थी। छोटे विवादों को हल्के में लेने का नतीजा कई बार गंभीर अपराध के रूप में सामने आता है।

आरोपियों की दुकान पर बुलडोजर चलाने की उठी मांग

घटना से गुस्साए लोगों ने आरोपियों की दुकान पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े अस्पताल में घुसकर हत्या करने वालों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए जिससे अपराधियों में कानून का खौफ कायम हो।

परिजनों की पुलिस से नोकझोंक

एक आरोपी को हिरासत में लेने के दौरान परिजनों की पुलिस से नोकझोंक हो गई। आरोपी को पुलिस ने इमर्जेंसी रूम के अंदर बैठा रखा था। इतने में परिजन अंदर पहुंचे और उसे खींचने लगे लेकिन पुलिस ने बीचबचाव कर परिजनों को शांत करवाया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X