Kotdwar News:कालागढ़ टाइगर रिजर्व में पक्षियों की गणना शुरू, कई टीमें जुटीं – Bird Count Begins In Kalagarh Tiger Reserve, Several Teams Gather
कोटद्वार। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के कालागढ़ टाइगर रिजर्व वन प्रभाग में एक बार फिर पक्षियों की गणना और सर्वेक्षण कार्य शुरू हो गया है। शनिवार और रविवार को होने वाले दो दिवसीय सर्वेक्षण में वन विभाग की कई टीमें क्षेत्र की अलग-अलग रेंजों में पक्षियों की प्रजातियों की पहचान कर उनका रिकॉर्ड तैयार करेंगी।
लैंसडौन प्रभाग के साथ ही केटीआर प्रभाग में पक्षियों की समृद्ध विविधता मौजूद है। पूर्व में किए गए सर्वेक्षणों और उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार यहां 350 से अधिक प्रजातियों के पक्षी पाए जाते हैं। इस विविधता का वैज्ञानिक तरीके से दस्तावेजीकरण करने के लिए पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के निर्देश पर सर्वेक्षण कराया जा रहा है।
सर्वेक्षण में डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के विशेषज्ञ भी तकनीकी सहयोग दे रहे हैं। कोटद्वार के प्रकृति प्रेमी और बर्ड स्पेशलिस्ट राजीव बिष्ट वन कर्मियों को पक्षियों की पहचान, बर्ड वॉचिंग की तकनीक और क्षेत्र में मौजूद पक्षी विविधता के बारे में जानकारी देंगे। पक्षियों की गणना के लिए कुगड्डा से रथुवाढाब, पाखरो से मोरघट्टी सहित विभिन्न बर्ड ट्रेल्स चिह्नित किए गए हैं। गणना के लिए ई-बर्ड मोबाइल एप का इस्तेमाल किया जा रहा है।
प्रवासी परिंदों की मौजूदगी का भी चलेगा पता
सर्वेक्षण के दौरान स्थानीय पक्षियों के साथ प्रवासी पक्षियों की मौजूदगी की भी जानकारी जुटाई जाएगी। इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि कौन-कौन सी प्रजातियां यहां नियमित रूप से रहती हैं और किन पक्षियों का इस क्षेत्र में मौसमी प्रवास होता है। सोनानदी उपखंड की उप प्रभागीय वनाधिकारी (एसडीओ) अनामिका बुक्करवाल ने बताया कि सर्वेक्षण का उद्देश्य कालागढ़ टाइगर रिजर्व की समृद्ध पक्षी विविधता का वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण करना है।
