रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमरोहा

Amroha News:खरना के बाद महिलाओं ने शुरू किया 36 घंटे का निर्जला व्रत – After Kharna, Women Began A 36-hour Fast Without Water

November 15, 2026


अमरोहा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। संतान की सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना के लिए महिलाओं ने खरना के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू कर दिया है। रविवार को व्रती महिलाएं वासुदेव तीर्थ मंदिर के सरोवर में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय पर्व का समापन होगा।

छठ पूजा के दूसरे दिन खरना की परंपरा पूरी करने के बाद महिलाओं ने निर्जला व्रत का संकल्प लिया। घरों में पूजा-अर्चना के साथ छठी मइया के गीत गूंजते रहे। रविवार दोपहर तीन बजे से महिलाएं सिर पर फल, फूल, गन्ना और पूजन सामग्री से सजे डाले लेकर वासुदेव तीर्थ पहुंचेंगी। सरोवर में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी। इस दौरान भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय रहेगा। मंदिर परिसर में मेले का भी आयोजन होगा।

सोमवार तड़के महिलाएं फिर वासुदेव तीर्थ पहुंचकर सरोवर किनारे पूजा-अर्चना करेंगी और उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा होगा। पंडित आशुतोष त्रिवेदी ने बताया कि छठ पूजा में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है। मान्यता है कि सूर्य की किरणों में छठी मइया की दिव्य शक्ति समाहित होती है। श्रद्धालु संतान की दीर्घायु और परिवार की खुशहाली के लिए यह व्रत रखते हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X