छठ महापर्व पर घर लौटने वालों की भीड़ ने ट्रेनों में सफर मुश्किल कर दिया है। दिल्ली, मुंबई, सूरत, अहमदाबाद, इंदौर और चेन्नई जैसे महानगरों से आने वाली ट्रेनों के स्लीपर और एसी कोच यात्रियों से खचाखच भरकर पहुंच रहे हैं। दो माह पहले कन्फर्म टिकट कराने वाले यात्रियों को भी पूरी सीट नसीब नहीं हो रही है। हालात ऐसे हैं कि कई यात्रियों को बैठने तक की जगह नहीं मिल रही और उन्होंने खड़े-खड़े या जागकर सफर पूरा किया। बाथरूम तक पहुंचने में एक घंटा लग रहा है। कोचों में पानी खत्म होने और शिकायतों पर सुनवाई नहीं होने से परेशानी और बढ़ गई है।
इंदौर से परिवार के साथ छठ मनाने पकड़ी गांव पहुंचे सत्यनारायण चौहान ने बताया कि एस-5 कोच में उनका टिकट डेढ़ माह पहले कन्फर्म हो गया था। इसके बावजूद पूजा के लिए घर लौटने वालों की भीड़ के चलते कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। वेटिंग टिकट वाले यात्री भी कोच में सवार हो गए थे। भीड़ इतनी अधिक थी कि बाथरूम जाने के लिए भी करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा।