Raebareli News:दो सगे भाइयों समेत चार आरोपी गिरफ्तार – Four Accused, Including Two Brothers, Arrested
रायबरेली। भदोखर के खनुवा गांव में मिट्टी डालने के विवाद में फर्म के मुंशी हिमांशू पाल को चाकू मारने के मामले में पुलिस ने शनिवार को दो सगे भाइयों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि हमलावर सरकारी स्कूल में मिट्टी डालने का काम अपने पास रखना चाहते थे। मुंशी के विरोध करने पर उस पर हमला किया गया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र के डिडौली गांव निवासी हिमांशू पाल एक फर्म में मुंशी हैं। 12 नवंबर की रात बेलाभेला स्थित कंपोजिट स्कूल में मिट्टी डाली जा रही थी। इसी दौरान खनुवा गांव के पास आरोपियों ने हिमांशू को चाकू मारकर घायल कर दिया। उनके पेट में चाकू लगा है। उनका एम्स में इलाज चल रहा है। पीड़ित की तहरीर पर कलसहा गांव निवासी तेजा यादव, नयन यादव, अंकुश यादव, नथईपुर गांव निवासी सचिन सिंह और दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने शनिवार को कलसहा गांव के पास से तेजा यादव, उसके भाई समर यादव, नयन यादव और आलोक को गिरफ्तार किया। समर और आलोक के नाम विवेचना में बढ़ाए गए हैं। जांच में पता चला कि दो साल पहले आरोपियों ने ही कंपोजिट स्कूल में मिट्टी डालने का काम किया था। इस बार भी वे यही काम करना चाहते थे, लेकिन हिमांशू तैयार नहीं था। इसी बात पर विवाद बढ़ा और हमला किया गया। सीओ सदर आशीष निगम ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अनुज सिंह की भूमिका की भी होगी जांच
पुलिस के मुताबिक, अमेठी के तिलोई निवासी भुवनेश प्रताप के नाम मिट्टी खनन की रॉयल्टी है। खनन का काम अनुज सिंह देखता है। आरोपी पक्ष ने अनुज पर दबंगई करने और निर्धारित स्थान पर मिट्टी न डालने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि विरोध करने पर अनुज ने साथियों के साथ हमला किया था। पुलिस अनुज और उसके साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। दूसरे पक्ष की मारपीट में संलिप्तता सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। खनन अधिकारी सुरेश लकड़ा ने बताया कि रॉयल्टी लेकर मिट्टी का खनन किया जा रहा था।
