सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हिसार

Hisar News:कारोबारियों की समस्याएं सुनीं, समाधान का भरोसा दिलाया – Listened To The Problems Of Traders, Assured Solutions

November 16, 2026


हांसी। हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष राजेश ठकराल के सम्मान में रविवार को एमएस इंडस्ट्री में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान स्थानीय उद्योगों की समस्याओं, कारोबार विस्तार, आवश्यक सुविधाओं और व्यापारियों के हितों से जुड़ी विभिन्न मांगें रखी गईं।

ठकराल ने व्यापारियों की समस्याएं सुनते हुए उनकी मांगों को संबंधित विभागों और सरकार के समक्ष उठाकर प्राथमिकता से समाधान करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि व्यापारी और उद्यमी प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ रोजगार के अवसर पैदा करने और औद्योगिक विकास को गति देने में अहम भूमिका निभाते हैं। छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े उद्योग संचालकों तक सभी प्रदेश की आर्थिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड व्यापारियों और सरकार के बीच मजबूत कड़ी के रूप में काम कर रहा है। बोर्ड का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याएं सुनना और उनके हितों की रक्षा करते हुए उचित मंच पर मांगें उठाना है। उन्होंने व्यापारियों से आपसी एकजुटता बनाए रखने और अपनी समस्याएं संगठित रूप से बोर्ड के सामने रखने का आह्वान किया।

ठकराल ने कहा कि हांसी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मटका उद्योग, कंक्रीट उद्योग तथा अन्य लघु एवं मध्यम उद्योग स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं। इनसे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलता है। ऐसे उद्योगों को प्रोत्साहन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

समारोह में फूल सिंह वर्मा, सूरजभान वर्मा, कृष्ण यादव, धर्मपाल यादव, संदीप, कुणाल, नील सिंह सरपंच, सौरभ कथूरिया, रामविलास वर्मा और कल्लू सैनी आदि उपस्थित रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X