स्वस्थ रहने के लिए सिर्फ पौष्टिक खानपान ही नहीं, बल्कि शारीरिक रूप से सक्रिय रहना भी जरूरी है। नियमित व्यायाम शरीर को फिट रखने और कई बीमारियों के जोखिम को कम करने में मदद करता है। हालांकि, देखा जा रहा है कि लोगों की व्यस्त दिनचर्या के चलते ज्यादातर लोगों के लिए जिम जाना या रोजाना व्यायाम के लिए समय निकाल पाना कठिन हो रहा है। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं तो टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। रोजाना पैदल चलने की आदत से भी सेहत को कई फायदे मिल सकते हैं।
वॉकिंग को सबसे आसान और प्रभावी शारीरिक गतिविधियों में गिना जाता है। लेकिन अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है कि सुबह टहलना ज्यादा फायदेमंद है या शाम को?
आइए जानते हैं कि दोनों समय वॉक करने से शरीर को किस तरह के लाभ मिलते हैं।
2 of 4
पैदल चलना सेहत के लिए बहुत जरूरी
– फोटो : Freepik.com
पहले जान लीजिए रोजाना वॉक करना क्यों जरूरी है?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, पैदल चलना दिल को स्वस्थ रखने, वजन को बढ़ने से रोकने के साथ मांसपेशियों और हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करता है। इसके अलावा नियमित वॉक से तनाव और चिंता कम करने, मूड बेहतर बनाने और दिमाग की कार्यक्षमता को बनाए रखने में भी लाभ मिल सकता है। अध्ययनों में रोजाना 10 हजार कदम चलने के स्वास्थ्य लाभ बताए गए हैं। इससे दिल की कई बीमारियों का खतरा कम हो सकता है।
- जर्नल सर्कुलेशन में प्रकाशित अध्ययन में वैज्ञानिकों ने बताया कि रोजाना 6,000 से 9,000 कदम चलने वाले वयस्कों में दिल का दौरा या स्ट्रोक होने की आशंका 40-50 फीसदी तक कम होती है।
- आठ अध्ययनों के विश्लेषण में वैज्ञानिकों की टीम ने पाया कि अगर सिर्फ चलने की ही आदत को दिनचर्या में शामिल कर लिया जाए तो यह हृदय रोगों के कारण मौत के खतरे को काफी हद तक कम करने में सहायक हो सकती है।
3 of 4
धूप में समय बिताएं और करें वॉक
– फोटो : Freepik.com
मॉर्निंग वॉक के क्या हैं फायदे?
सुबह टहलने से दिन की शुरुआत ताजगी और ऊर्जा के साथ हो सकती है। सुबह की धूप शरीर में विटामिन-डी के निर्माण में मदद करती है। यह विटामिन हड्डियों को स्वस्थ रखने और प्रतिरक्षा प्रणाली के सामान्य कामकाज के लिए जरूरी है।
- सुबह की सैर उन लोगों के लिए भी अच्छी आदत हो सकती है, जिन्हें दिनभर व्यस्त रहने के कारण व्यायाम का समय नहीं मिल पाता।
- खाली पेट वॉक करने से फैट मेटाबॉलिज्म में लाभ मिल सकता है, जिससे वेट लॉस में मदद मिलती है।
4 of 4
वॉक करने के फायदे
– फोटो : AI Generated
इवनिंग वॉक करने के फायदे भी जान लीजिए
शाम को टहलना दिनभर की थकान और मानसिक तनाव कम करने का अच्छा तरीका हो सकता है। वॉक के दौरान एंडोर्फिन जैसे रसायनों का स्राव होता है, जो मूड बेहतर बनाने में मदद करते हैं। रात के खाने के बाद हल्की सैर करने से पाचन में मदद मिल सकती है और पेट फूलने व गैस जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती है।
डायबिटीज के मरीजों के लिए भोजन के बाद टहलना ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मददगार हो सकता है। जर्नल ऑफ स्लीप रिसर्च में वर्ष 2020 में प्रकाशित एक अध्ययन में शाम की वॉक करने से नींद की गुणवत्ता सुधरने के संकेत मिले हैं।
————–
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।