सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बाबा बागेश्वर:राजा भैया बने धीरेंद्र शास्त्री के सारथी, प्रयागराज एयरपोर्ट से खुद गाड़ी चलाकर कुंडा ले गए – Raja Bhaiya Drives Dhirendra Shastri From Prayagraj Airport To Kunda Ram Katha
छतरपुर

बाबा बागेश्वर:राजा भैया बने धीरेंद्र शास्त्री के सारथी, प्रयागराज एयरपोर्ट से खुद गाड़ी चलाकर कुंडा ले गए – Raja Bhaiya Drives Dhirendra Shastri From Prayagraj Airport To Kunda Ram Katha

November 16, 2026


बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयानों को लेकर चल रहा विवाद अब उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में होने वाली रामकथा के बीच चर्चा का विषय बन गया है। 17 नवंबर से शुरू होने वाली तीन दिवसीय श्रीराम कथा की तैयारियां तेज हैं। इसी बीच कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का स्वागत किया। खास बात यह रही कि राजा भैया खुद गाड़ी चलाकर उन्हें कुंडा लेकर रवाना हुए।

दरअसल, हाल ही में मध्य प्रदेश के छतरपुर में यादव महासभा की ओर से धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयानों को लेकर विरोध जताया गया था। अब कुंडा में उनकी रामकथा के आयोजन और राजा भैया की अगवानी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

17 नवंबर से शुरू होने वाली रामकथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जानकारी दी गई है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी की जाएगी।

ये भी पढ़ें- अब पांच राज्यों के लिए बस परमिट जारी करने का रास्ता साफ, हाईकोर्ट ने परिवहन प्राधिकरण को दी हरी झंडी

कथा को लेकर उत्साहित हैं श्रद्धालु

कथा सुनने आ रहे श्रद्धालु हरिशंकर त्रिपाठी ने कहा कि राजा भैया जिस तरह से आयोजन करा रहे हैं, उससे क्षेत्र के लोगों को बागेश्वर सरकार की रामकथा सुनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इसे अच्छी पहल बताते हुए कहा कि आयोजन में सभी समाजों को साथ लेकर चलने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, श्रद्धालु अरुण कुमार तिवारी ने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और हिंदू राष्ट्र के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। उनकी कथा को लेकर क्षेत्र के लोग उत्साहित हैं और घर-घर में तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर के दर्शन और कथा श्रवण का अवसर मिलने से श्रद्धालु प्रसन्न हैं।

धीरेंद्र शास्त्री बोले- राम और कृष्ण में कोई अंतर नहीं

यादव महासभा के विरोध को लेकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि उनकी आधी-अधूरी वीडियो देखकर उन्हें कृष्ण विरोधी घोषित कर दिया गया, जबकि वे कृष्ण विरोधी नहीं हैं। उन्होंने कहा, “राम और कृष्ण में कोई अंतर नहीं है।” उनके मुताबिक, वे प्रेमभाव से दोनों के प्रसंगों और उनकी व्याख्या कर रहे थे।

कुंडा में होने वाली इस रामकथा को लेकर धार्मिक आयोजन के साथ राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। राजा भैया की ओर से स्वयं एयरपोर्ट पहुंचकर धीरेंद्र शास्त्री को कुंडा ले जाना भी इसी चर्चा का हिस्सा बन गया है। 

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X