तिंदवारी। सरकारी बीज गोदाम पर सोमवार को गेहूं का बीज लेकर ट्रक पहुंचते ही किसानों में अफरातफरी मच गई।
बीज लेने की जल्दबाजी में कई किसान ट्रक पर चढ़ गए। सुबह से ही गोदाम पर सैकड़ों किसानों की भीड़ जुटी थी। सीमित मात्रा में बीज पहुंचने से वितरण के दौरान अव्यवस्था की स्थिति बनी रही।
केंद्र प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि जिले से सोमवार को 300 क्विंटल गेहूं का बीज आया है। किसानों को पंजीकरण और रकबे के अनुसार बीज वितरित किया जा रहा है। मिरगहनी निवासी बाबादीन, तेरही माफी निवासी अफजल और गोखरही निवासी छोटेलाल ने बताया कि कागजात जमा करने के बावजूद कई दिनों से गोदाम के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन बीज नहीं मिल सका है।
किसानों के मुताबिक गेहूं की बोआई का समय होने के कारण बीज के इंतजार में खेतों की तैयारी प्रभावित हो रही है। निजी दुकानों से खरीदारी करनी पड़ सकती है। किसानों ने मांग की कि पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध कराया जाए, ताकि बोआई में देरी न हो।