सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
पाकिस्तान के खिलाफ शुरू से था जीत का भरोसा :लक्ष्य – We Were Confident Of Victory Against Pakistan From The Start: Lakshya
गोंडा

पाकिस्तान के खिलाफ शुरू से था जीत का भरोसा :लक्ष्य – We Were Confident Of Victory Against Pakistan From The Start: Lakshya

November 16, 2026


गोंडा। पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले में आखिरी गेंद तक रोमांच बना रहा। जीत के लिए तीन रन की दरकार थी, लेकिन भारतीय टीम का आत्मविश्वास नहीं डिगा। अंडर-19 एशिया कप विजेता भारतीय टीम के कप्तान और गोंडा के लक्ष्य रायचंदानी ने बताया कि पूरी टीम को शुरू से ही जीत का भरोसा था। लीग मैच में पाकिस्तान से मिली हार को भी टीम ने बदले की भावना से नहीं लिया। अपनी ताकत पर भरोसा रखते हुए रणनीति बनाई और मैदान पर उसे अमल में लाया। सोमवार को गृहजनपद पहुंचे लक्ष्य का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।

सवाल : एशिया कप जीतने के बाद सबसे पहले क्या महसूस हुआ?

जवाब : बहुत अच्छा लग रहा है। हमने टूर्नामेंट के लिए जो लक्ष्य तय किया था, उसे हासिल कर लिया। फिलहाल इस जीत की खुशी है। आगे के बारे में आने वाले अवसरों के अनुसार सोचेंगे।

सवाल : पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले को लेकर कोई अतिरिक्त दबाव था?

जवाब : नहीं, हमने पाकिस्तान के खिलाफ भी सामान्य मैच की तरह खेला। कोई अतिरिक्त दबाव नहीं लिया। हमारा पूरा ध्यान अपने खेल पर था। जीत हासिल करके बहुत अच्छा लगा।

सवाल : मैच के दौरान किस समय लगा कि ट्रॉफी भारत के हाथ में आ जाएगी?

जवाब : हमें शुरुआत से ही भरोसा था कि मैच जीतेंगे। पूरे मुकाबले में टीम का यही विश्वास बना रहा। हम उसी आत्मविश्वास के साथ खेले और आखिरकार जीत हासिल की।

सवाल : एक समय मुकाबला मुश्किल होता दिख रहा था। क्या तब भी जीत की उम्मीद बनी हुई थी?

जवाब : हां, हमें कभी ऐसा नहीं लगा कि मैच हाथ से निकल जाएगा। पूरी टीम को भरोसा था कि हम लक्ष्य हासिल कर लेंगे। सभी खिलाड़ी इसी विश्वास के साथ खेल रहे थे।

सवाल : लीग मैच में पाकिस्तान से हार मिली थी। क्या फाइनल में उस हार का दबाव था?

जवाब : हमने इसे बदले की तरह नहीं लिया। हमारी योजना साफ थी कि अपनी मजबूतियों पर ध्यान देना है, खेल का आनंद लेना है और रणनीति को मैदान पर अच्छी तरह लागू करना है। हमने वही किया।

सवाल : फाइनल के लिए टीम ने क्या खास रणनीति बनाई थी?

जवाब : हमने अपनी ताकत के मुताबिक खेलने की योजना बनाई थी। सभी खिलाड़ियों को अपनी भूमिका पता थी। टीम ने योजना पर काम किया और मैदान पर उसे सही तरीके से लागू किया। इसका नतीजा जीत के रूप में मिला।

सवाल : पाकिस्तान का गेंदबाजी आक्रमण कितना चुनौतीपूर्ण था?

जवाब : पाकिस्तान की गेंदबाजी अच्छी थी। उनके खिलाफ खेलना चुनौतीपूर्ण और प्रतिस्पर्धा से भरा रहा। ऐसे मुकाबलों से अच्छा अनुभव मिलता है। हमने भी इसका पूरा आनंद लिया।

सवाल : पाकिस्तानी खिलाड़ियों की उम्र को लेकर भी चर्चाएं हुईं। इस पर क्या कहना चाहेंगे?

जवाब : मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। यह मेरे हाथ में नहीं है। हमारे लिए वे भी प्रतिस्पर्धी खिलाड़ी थे। हमारा ध्यान सिर्फ अपने खेल पर था।

सवाल : एशिया कप की जीत को अपने कॅरिअर की बड़ी उपलब्धि मानते हैं? आगे का लक्ष्य क्या है?

जवाब : फिलहाल यह मेरे लिए बहुत अच्छी उपलब्धि है। अभी पूरा ध्यान अपने खेल को बेहतर बनाने पर है। आगे जो अवसर मिलेंगे, उनके अनुसार तैयारी करेंगे।

सवाल : सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उत्तराखंड की टीम से खेलने की तैयारी है या कुछ समय आराम करेंगे?

जवाब : अभी इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। मुझे अभी तक कोई कॉल नहीं आई है। इसलिए फिलहाल कुछ कहना मुश्किल है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X