सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बाड़मेर:3.37 करोड़ की संपत्ति फ्रीज होने के बाद आठ महीने से फरार दस हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार – Barmer Jalore Police Arrest Wanted History Sheeter Kaushalram 3.37 Crore Property Frozen
बाड़मेर

बाड़मेर:3.37 करोड़ की संपत्ति फ्रीज होने के बाद आठ महीने से फरार दस हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार – Barmer Jalore Police Arrest Wanted History Sheeter Kaushalram 3.37 Crore Property Frozen

November 16, 2026


बाड़मेर और जालोर जिले की पुलिस ने साझा कार्रवाई करते हुए पिछले आठ महीने से फरार चल रहे दस हजार रुपये के इनामी बदमाश और सरपंच पति कौशलाराम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ जालोर जिले के बागोड़ा पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज था। वह बायतू थाने का हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी है। आरोपी की गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित की गई उसकी लगभग 3.37 करोड़ रुपये की संपत्ति को फ्रीज किया था।

स्कॉर्पियो से अवैध डोडा-पोस्त बरामदगी

जालोर जिले के बिजलिया गांव में बागोड़ा पुलिस की टीम ने संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी का पीछा किया था। पुलिस को आते देख आरोपी वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें से 47.780 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ था। पुलिस ने वाहन मालिक समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान मौका पाकर भाग निकले आरोपी कौशलाराम की तलाश के लिए पुलिस ने उस पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

अवैध कमाई से बनी करोड़ों संपत्ति फ्रीज

बाड़मेर पुलिस ने 10 नवंबर को बायतू थाने के हिस्ट्रीशीटर कौशलाराम के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उसकी अवैध संपत्ति को फ्रीज किया था। आरोपी ने बाड़मेर, बालोतरा और जैसलमेर जिलों में मादक पदार्थों की तस्करी से मिली काली कमाई से यह संपत्ति बनाई थी। आरोपी के मकानों, जमीनों और व्यावसायिक भवनों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी समेत चार लग्जरी वाहनों को भी सीज कर दिया गया था। फ्रीज की गई कुल संपत्ति का अनुमानित मूल्य करीब 3.37 करोड़ रुपये है।

कई राज्यों में दर्ज हैं 17 आपराधिक मामले

हिस्ट्रीशीटर कौशलाराम के खिलाफ कुल 17 मामले दर्ज हैं। इनमें से सात मामले नशीले पदार्थों की तस्करी के हैं। आरोपी पर आर्म्स एक्ट, राजकार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस हिरासत से भागने और चोरी के भी मुकदमे हैं। ये मामले पंजाब, बालोतरा, जोधपुर, बाड़मेर, पाली, जोधपुर ग्रामीण, चित्तौड़गढ़, छोटी सादड़ी, सुमेरपुर और महाराष्ट्र में दर्ज हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X