मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बूंदी:माताजी के दर्शन कर लौट रहे दंपती पर काल बनकर टूटा डंपर, पति की मौत, ग्रामीणों का गुस्सा फूटा – Bundi: Dumper Hits Couple On Bike, Husband Killed And Wife Seriously Injured; Villagers Block Road
बूंदी

बूंदी:माताजी के दर्शन कर लौट रहे दंपती पर काल बनकर टूटा डंपर, पति की मौत, ग्रामीणों का गुस्सा फूटा – Bundi: Dumper Hits Couple On Bike, Husband Killed And Wife Seriously Injured; Villagers Block Road

November 17, 2026


जिले में अवैध मिट्टी खनन और भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही अब आमजन की जान पर भारी पड़ने लगी है। खनन माफिया के कथित आतंक और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े करने वाला ऐसा ही दर्दनाक मामला रायथल थाना क्षेत्र के साथेली-बडूली रोड पर सामने आया। यहां माताजी के दर्शन करने गए बाइक सवार दंपति को मिट्टी से भरे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में पति राधेश्याम रेगर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। बाद में 2 लाख रुपए की सहायता राशि पर समझौता होने की बात सामने आई।

दर्शन कर लौट रहे थे दंपति, मौत बनकर आया डंपर

परिजनों के अनुसार राधेश्याम रेगर अपनी पत्नी को बाइक पर लेकर अंतर्ण माता के दर्शन करने गए थे। दर्शन करने के बाद दोनों वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान साथेली-बडूली रोड पर मिट्टी से भरे एक अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राधेश्याम गंभीर रूप से कुचल गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए कोटा रेफर कर दिया गया।

अवैध मिट्टी खनन पर उठे सवाल

हादसे के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध मिट्टी खनन और भारी डंपरों की आवाजाही को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में मिट्टी से भरे भारी वाहन तेज गति से निकलते हैं। इन वाहनों की आवाजाही से सड़क पर चलने वाले बाइक सवारों और आम राहगीरों की जान हमेशा जोखिम में रहती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अवैध खनन और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर पहले भी शिकायतें की जाती रही हैं लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसे हालात बने हुए हैं।

ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर आमजन की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? यदि भारी वाहन इसी तरह आबादी और ग्रामीण मार्गों पर बेखौफ दौड़ते रहे तो ऐसे हादसों पर रोक कैसे लगेगी? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? लोगों ने अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई करने और नियमों के विरुद्ध चल रहे डंपरों पर सख्ती बरतने की मांग की।

मुआवजे पर हुआ समझौता

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। राधेश्याम की मौत से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। मृतक के परिजन महावीर ने बताया कि राधेश्याम के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। पिता की अचानक मौत से चारों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिवार के सामने अब भविष्य और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। काफी देर तक चली समझाइश और बातचीत के बाद 2 लाख रुपए की सहायता राशि पर समझौता होने की बात सामने आई।

ये भी पढ़ें: राजस्थान: 15 करोड़ का सालाना कारोबार, आलीशान जिंदगी… फिर भी चुना संन्यास, जैन संत बनने जा रहा पूरा परिवार

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलने पर रायथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों तथा परिजनों से समझाइश की। रायथल थाने के सहायक उपनिरीक्षक बजरंग मोहन मीणा ने बताया कि तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने बाइक को टक्कर मारी थी। पुलिस ने शव को तलवास अस्पताल पहुंचाया, जहां परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

भारी वाहनों पर रोक लगाने की मांग

हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं। इनमें अवैध मिट्टी खनन पर प्रभावी रोक, भारी वाहनों की आवाजाही के लिए समय और मार्ग निर्धारित करना, ग्रामीण सड़कों पर तेज रफ्तार डंपरों के खिलाफ कार्रवाई, यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और हादसे के जिम्मेदार चालक के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई शामिल हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित रास्ता मिलना चाहिए। खनन गतिविधियों और भारी वाहनों की लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को अपनी जान देकर नहीं भुगतना पड़े। अब देखना होगा कि इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन अवैध खनन और भारी वाहनों की आवाजाही पर कितनी गंभीरता से कार्रवाई करता है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X