Chamoli News:ग्राम प्रहरी लोगों को वन्यजीवों के प्रति कर रहे जागरूक – Village Guards Are Raising Awareness Among People About Wildlife
अकेले जंगल न जाने और बच्चों-बुजुर्गों को अकेला न छोड़ने की दी जा रही सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
पोखरी (चमोली)। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बढ़ती वन्यजीवों की गतिविधियों को देखते हुए पुलिस की ओर से ग्राम प्रहरियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। ग्राम प्रहरी अपने-अपने गांवों में ग्रामीणों को वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं।
ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से अकेले घर से बाहर न जाने, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को अकेला न छोड़ने की अपील की जा रही है। जंगल और सुनसान रास्तों पर जाते समय सतर्क रहने, रात में घरों के आसपास पर्याप्त रोशनी रखने, झाड़ियों की सफाई करने और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर बांधने की सलाह दी जा रही है। वन्यजीव दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखने को कहा जा रहा है। थानाध्यक्ष पोखरी देवेंद्र कुमार पंत ने बताया कि पुलिस ग्रामीणों को जागरूक करने का प्रयास कर रही है। ग्राम प्रहरी लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं। ग्रामीणों से वन्यजीवों की गतिविधियों को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
