राजस्थान:सेंसर सर्टिफिकेट के बिना रिलीज नहीं होगी फिल्म ‘सूर्या’, हाईकोर्ट ने जारी किए नोटिस – Rajasthan High Court Sunny Deol Surya Film Release Censor Certificate Ima Petition Notice
अभिनेता सनी देओल की फिल्म ‘सूर्या-अंत से आरंभ तक’ की रिलीज पर राजस्थान हाईकोर्ट ने अहम निर्देश दिए हैं। अदालत ने स्पष्ट किया है कि सेंसर बोर्ड का प्रमाण पत्र मिले बिना फिल्म को सिनेमाघरों या किसी भी सोशल मीडिया मंच पर प्रदर्शित नहीं किया जा सकेगा। न्यायमूर्ति समीर जैन की अदालत ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), राजस्थान की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिया। साथ ही केंद्र सरकार, सेंसर बोर्ड और अन्य संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 20 नवंबर को होगी।
डॉक्टरों की छवि खराब करने का आरोप, आईएमए ने जताई आपत्ति
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि फिल्म में डॉक्टरों और मेडिकल एसोसिएशन की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है। संगठन ने इस संबंध में 22 और 23 अक्टूबर को संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। हालांकि, इन शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद आईएमए ने राजस्थान हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
केंद्र सरकार ने याचिका का किया विरोध
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने आईएमए की याचिका का विरोध करते हुए इसे समय से पहले दायर की गई याचिका बताया। हालांकि, सरकार ने अदालत को आश्वस्त किया कि फिल्म के मामले में सिनेमैटोग्राफी अधिनियम की धारा 5बी के प्रावधानों का पूरी तरह पालन किया जाएगा।
विशेषज्ञ समिति करेगी फिल्म का विश्लेषण
अदालत ने कहा कि फिल्म के प्रदर्शन से पहले सेंसर बोर्ड की सक्षम विशेषज्ञ समिति इसे देखकर इसका विश्लेषण करेगी। समिति की समीक्षा और अंतिम निर्णय के दौरान सार्वजनिक व्यवस्था, शालीनता, नैतिकता और याचिकाकर्ता की ओर से उठाई गई आपत्तियों को भी ध्यान में रखा जाएगा। हाईकोर्ट ने फिलहाल सेंसर प्रमाण पत्र के बिना फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने का निर्देश दिया है।
पहले 20 नवंबर को होनी थी रिलीज, निर्माताओं ने टाली
फिल्म पहले 20 नवंबर को रिलीज होने वाली थी, लेकिन चिकित्सकों के विरोध और सेंसर प्रमाण पत्र मिलने में देरी के चलते निर्माताओं ने इसका प्रदर्शन टाल दिया है। फिलहाल निर्माताओं की ओर से रिलीज की नई तारीख घोषित नहीं की गई है। अब इस मामले में 20 नवंबर को होने वाली सुनवाई पर सभी की नजरें रहेंगी।
