राजस्थान:पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ के आवास पर गहलोत ने उठाए सवाल, बोले- किसी के फार्म हाउस पर रहना उचित नहीं – Gehlot Questions Delay In Allotment Of Official Residence To Former Vice President Jagdeep Dhankhar
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को पद छोड़ने के लंबे समय बाद भी प्रोटोकॉल के अनुरूप सरकारी आवास उपलब्ध नहीं कराए जाने का मुद्दा अब राजनीतिक चर्चा में आ गया है। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस मामले में केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति को पद की गरिमा के अनुरूप आवास उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
गहलोत ने कहा कि उपराष्ट्रपति को कार्यकाल पूरा होने या इस्तीफा देने के बाद भी टाइप-8 बंगला उपलब्ध कराने का प्रावधान है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पदों पर रह चुके व्यक्तियों को इस तरह की सुविधाएं दी जाती हैं। इसके बावजूद जगदीप धनखड़ को अब तक सरकारी आवास उपलब्ध नहीं कराया गया है। उन्होंने कहा कि दो साल से अधिक समय बीतने के बावजूद उनके सरकारी बंगले को लेकर कोई हलचल नजर नहीं आ रही है।
पूर्व उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ को प्रोटोकॉल के मुताबिक आवास उपलब्ध न करवाए जाने पर मेरे विचार : उपराष्ट्रपति को रिटायरमेंट के बाद, रिटायरमेंट मतलब टर्म ख़त्म हो जाए तब भी, या फिर अगर इस्तीफा दे दें तब भी, उनको टाइप 8 बंगला मिलता है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्राइम मिनिस्टर, तीन को मिलता है। धनखड़ साहब को दो साल से अधिक समय हो गया मेरे ख्याल से। अभी तक कोई हलचल ही नहीं है वहाँ पर बंगले की। ये रहें कहाँ पर? ये कोई अपने दोस्त के फार्म हाउस में रह रहे हैं, ये तो उचित नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी जी को चाहिए, वो हस्तक्षेप करें इस मामले में। मोदी जी की ड्यूटी है, अपने वक़्त रहे हुए उपराष्ट्रपति को आप अभी तक मकान नहीं दे पा रहे हो वहाँ पर, तो देश के लोग क्या सोचते होंगे? दुनिया के लोग भी आते हैं बाहर से, तो जो उपराष्ट्रपति रह जाते हैं, राष्ट्रपति रह जाते हैं, या पीएम रह जाते हैं, उनसे मिलने की इच्छा होती है उनकी, चर्चा करते हैं। हमारे प्रवासी लोग भी बाहर से आते हैं, उनको भी मिलना होता है। तो क्या प्रॉपर जो एक डेकोरम होता है उपराष्ट्रपति का, पद की गरिमा होती है, उसके अनुकूल आप व्यवहार नहीं कर रहे हो। आपने खुद ने इनको बनाया गवर्नर, हमने तो बनाया नहीं था। आपने इनको बनाया उपराष्ट्रपति, हमने थोड़ी बनाया था इनको। और हमारे साथ तो जो व्यवहार तत्कालीन उपराष्ट्रपति जी का था, उनसे हमारी शिकायत रही थी कि राज्यसभा में हमारे साथ उचित न्याय नहीं कर रहे हैं। हमारे तो खड़गे साहब भी, अन्य नेता भी लोग शिकायत करते थे पर उसके बावजूद भी हम देख रहे हैं कि इनका जो है, इतने लम्बे अरसे बाद में आप टाइप 8 मकान को छोड़ कर के , मैंने पूछा उनको कि अभी तक मेरे पास कोई इत्तिला ही नहीं है। इसका मतलब अभी तक ऑफर भी नहीं हुआ है, टाइप 8 नहीं देंगे, 7 देंगे, 6 देंगे, कोई बात ही नहीं हो रही है। तो मैं चाहूंगा पीएम को हस्तक्षेप करना चाहिए। उपराष्ट्रपति रहे हुए आदमी का एक अलग औरा होता है। और मैं फिर कहना चाहूंगा, बाहर के क्योंकि लोग विदेशी भी आते हैं, हमारे प्रवासी आते हैं, वो क्या सोचते होंगे कि उनको ढूंढें कहाँ पर? राजस्थान के लोग भी जाना चाहते हैं, चाहेंगे, कहाँ मिलें उनको?तो ये अच्छी बात नहीं है, जल्दी फैसला होना चाहिए।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) November 17, 2026
गहलोत ने सवाल उठाया कि आखिर धनखड़ कहां रह रहे हैं? किसी मित्र के फार्म हाउस पर रहना पूर्व उपराष्ट्रपति जैसे संवैधानिक पद पर रह चुके व्यक्ति के लिए उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास भी किया, लेकिन अब तक उन्हें यह पता नहीं चल पाया है कि धनखड़ को टाइप-8 बंगला देने का प्रस्ताव दिया गया है या नहीं। यहां तक कि टाइप-8 के बजाय टाइप-7 या टाइप-6 आवास देने को लेकर भी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
पढ़ें: 299 साल की हुई गुलाबी नगरी जयपुर, 300वें वर्ष में प्रवेश पर शहरभर में होंगे भव्य आयोजन
गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस मामले में स्वयं हस्तक्षेप करना चाहिए। यह उनकी जिम्मेदारी है कि उनके कार्यकाल में उपराष्ट्रपति रहे व्यक्ति को अब तक आवास क्यों नहीं मिल पाया। इससे देश और दुनिया में क्या संदेश जाएगा? उन्होंने कहा कि विदेशों से आने वाले लोग, प्रवासी भारतीय और राजस्थान के लोग भी पूर्व उपराष्ट्रपति से मुलाकात करना चाहते हैं। ऐसे में उनके रहने के लिए उचित और व्यवस्थित स्थान होना जरूरी है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति का अपना अलग आभामंडल होता है। संवैधानिक पद की गरिमा के अनुरूप उनके साथ व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि धनखड़ को राज्यपाल और उपराष्ट्रपति बनाने का निर्णय भाजपा नेतृत्व और प्रधानमंत्री मोदी ने लिया था। राज्यसभा में धनखड़ के सभापति रहते विपक्ष को उनसे कई शिकायतें रही थीं, लेकिन इसके बावजूद पद छोड़ने के बाद उनके सम्मान और सुविधाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। गहलोत ने केंद्र सरकार से जल्द निर्णय लेकर जगदीप धनखड़ को नियमानुसार सरकारी आवास उपलब्ध कराने की मांग की।
