मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सर्दियों में कॉफी पीने का अंदाज बदलें, घर पर बनाएं चॉकलेट और हल्दी वाला स्पेशल लाटे
लाइफ़स्टाइल

सर्दियों में कॉफी पीने का अंदाज बदलें, घर पर बनाएं चॉकलेट और हल्दी वाला स्पेशल लाटे

November 17, 2026


ठंड के मौसम में अक्सर कुछ ऐसा पीने का मन करता है जो स्वादिष्ट होने के साथ शरीर को गर्माहट का एहसास भी दे. ऐसे में चॉकलेट और हल्दी से बना लाटे आपकी पसंद बन सकता है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको किसी कैफे जाने या महंगी कॉफी पर पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है. कुछ आम चीजों की मदद से आप इसे घर पर ही तैयार कर सकते हैं.

हाल ही में इंस्टाग्राम पर डॉक्टर और फूड कंटेंट क्रिएटर Doctors Kitchen ने चॉकलेट और हल्दी वाले लैटे की रेसिपी शेयर की है. उन्होंने बताया कि आमतौर पर वह ब्लैक कॉफी पीना पसंद करते हैं, लेकिन सर्दियों में यह आरामदायक और स्वादिष्ट ड्रिंक उन्हें काफी पसंद आती है. इसमें डार्क चॉकलेट, कोको पाउडर, हल्दी और नारियल का दूध इस्तेमाल किया जाता है.

चॉकलेट और हल्दी वाले लैटे के लिए सामग्री

इस ड्रिंक को एक व्यक्ति के लिए बनाने के लिए आपको इन चीजों की जरूरत होगी.

1 पीस डार्क चॉकलेट (85 प्रतिशत से ज्यादा कोको वाली)

1 शॉट एस्प्रेसो कॉफी

240 मिलीलीटर नारियल का दूध

1 छोटा चम्मच हल्दी

1 छोटा चम्मच दालचीनी वाला शहद

1 बड़ा चम्मच कोको पाउडर

ऊपर से सजाने के लिए थोड़ी सी कद्दूकस की हुई डार्क चॉकलेट

कैसे बनाएं चॉकलेट और हल्दी वाला लैटे? 

स्टेप 1: सबसे पहले एक कप में डार्क चॉकलेट का एक टुकड़ा रखें. इसके ऊपर गर्म एस्प्रेसो कॉफी डालें, ताकि चॉकलेट पिघलकर कॉफी में अच्छी तरह मिल जाए. अगर आप कैफीन कम लेना चाहते हैं, तो डिकैफ कॉफी का इस्तेमाल भी कर सकते हैं.

स्टेप 2: अब एक छोटे पैन में नारियल का दूध डालकर हल्की आंच पर गर्म करें. इसमें हल्दी और कोको पाउडर मिलाएं. इसे लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न बनें और मिश्रण अच्छी तरह से तैयार हो जाए.

स्टेप 3: दूध के मिश्रण में दालचीनी वाला शहद डालें और अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद इलेक्ट्रिक व्हिस्क की मदद से इसे थोड़ा झागदार बना लें. ध्यान रखें कि दूध को तेज आंच पर उबालना नहीं है.

स्टेप 4: अब एक गिलास या मग में पहले से तैयार कॉफी और चॉकलेट का मिश्रण रखें. इसके ऊपर धीरे-धीरे गर्म हल्दी वाला दूध डालें.

स्टेप 5: आखिर में ऊपर से थोड़ी कद्दूकस की हुई डार्क चॉकलेट डालकर सजाएं. आपका गर्मागर्म चॉकलेट और हल्दी वाला लट्टे तैयार है.

हल्दी और डार्क चॉकलेट क्यों हैं खास?

इस ड्रिंक में इस्तेमाल होने वाली सामग्री इसे सामान्य कॉफी से थोड़ा अलग बनाती है. डार्क चॉकलेट और कोको में फ्लेवेनॉल्स नाम के पौधों से मिलने वाले यौगिक पाए जाते हैं. इन पर रक्त प्रवाह और मस्तिष्क के कामकाज से जुड़े संभावित प्रभावों को लेकर अध्ययन किए गए हैं. वहीं, हल्दी में करक्यूमिनॉइड्स पाए जाते हैं, जिनमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों की संभावना पर शोध हुआ है. कॉफी में भी पॉलीफेनॉल्स मौजूद होते हैं.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X