Siddharthnagar News:जल जीवन मिशन की पाइपलाइन में फंसी तीन गांवों की प्यास – Siddharthnagar News: Thirst Of Three Villages Hinges On Jal Jeevan Mission Pipeline
चिल्हिया। जोगिया क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत शुरू हुई परियोजना दो साल बाद भी पूरी नहीं हो पाई है। कहीं पाइपलाइन अधूरी है तो कहीं घरों में नल ही नहीं लगे हैं। वर्ष 2026 में परियोजना पूरी की जानी थी लेकिन समय सीमा में डेढ़ माह शेष रहने के बावजूद शुद्ध पेयजल की आपूर्ति शुरू होने का इंतजार है।
ग्राम पंचायत सेहुड़ा में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से ओवरहेड टैंक, पाइपलाइन बिछाने और घरों में नल कनेक्शन लगाने का काम होना है। यह परियोजना वर्ष 2023 से शुरू होकर 2026 तक पूरी की जानी थी। ग्रामीणों का कहना है कि अभी तक आधा-अधूरा काम ही हो पाया है।
हालत यह है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद गड्ढे नहीं भरे गए हैं तो कुछ स्थानों पर पाइपलाइन का काम ही शुरू नहीं हुआ है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, धनराशि नहीं मिलने के कारण काम रुका हुआ है।
गांव निवासी बृजेश मिश्र, जितेंद्र मिश्र, धीरेंद्र मिश्र, रामविलास, अमीर, गणेश, सुमंत मिश्र और कमलेश आदि ने बताया कि पलिया गांव में अभी तक पूरी तरह पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है। ऐसे में घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचने का सपना अधूरा है। यही स्थिति रही तो पानी मिलने में अभी कई साल लग सकते हैं।
पंचायत सेहुड़ा के संदीप मिश्र ने कहा कि सेहुड़ा गांव में पाइपलाइन बिछाई गई है लेकिन अभी तक गड्ढे नहीं भरे गए हैं। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। करीब दो साल से काम चल रहा है लेकिन अभी तक पूरा नहीं हुआ है।
