बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Siddharthnagar News:खेसरहा में 32 करोड़ से बनेगा ग्रामीण विकास प्रशिक्षण केंद्र – Rural Development Training Center To Be Built In Khesarha At A Cost Of Rs 32 Crore
सिद्धार्थनगर

Siddharthnagar News:खेसरहा में 32 करोड़ से बनेगा ग्रामीण विकास प्रशिक्षण केंद्र – Rural Development Training Center To Be Built In Khesarha At A Cost Of Rs 32 Crore

November 18, 2026


सिद्धार्थनगर। गांवों के विकास की योजनाएं बनाने और उन्हें धरातल पर उतारने में जुटे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को अब जिले में ही प्रशिक्षण की बेहतर सुविधा मिलेगी। खेसरहा ब्लॉक में जिला ग्राम्य विकास संस्थान का आवासीय और अनावासीय परिसर विकसित किया जाएगा।

वित्तीय वर्ष 2025-26 की इस परियोजना पर 3214.43 लाख रुपये यानी करीब 32.14 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है। परिसर में कुल 160 बेड की क्षमता वाले दो छात्रावास बनाए जाएंगे। इनमें 100 बेड का बालक और 60 बेड का बालिका छात्रावास शामिल होगा। यहां प्रशिक्षण लेने आने वाले प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था भी होगी।

संस्थान में ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, मनरेगा कर्मियों और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था होगी। प्रशासनिक भवन जी प्लस वन बनाया जाएगा।

इसके भूतल पर ऑडिटोरियम, वीआईपी कक्ष, कार्यालय, स्टोर, रिकॉर्ड रूम और प्रशिक्षण हॉल प्रस्तावित हैं। वहीं, प्रथम तल पर लाइब्रेरी हॉल, कंप्यूटर रूम, आरएफटी रूम, पब्लिसिटी रूम, एआई रूम और प्रतीक्षालय बनाया जाएगा। महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय भी होंगे।

——

अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बनेंगे सात आवास

परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों के रहने के लिए सात आवास बनाए जाएंगे। इनमें एक टाइप-4, चार टाइप-3 और दो टाइप-2 भवन शामिल हैं। इसके अलावा बाउंड्रीवाल, गार्ड रूम, आंतरिक एवं बाहरी जलापूर्ति, सैनिटेशन, विद्युतीकरण और अग्निशमन की व्यवस्था होगी। परिसर में आवागमन के लिए सीसी रोड और इंटरलॉकिंग का निर्माण भी कराया जाएगा।

—————–

पंचायत से आजीविका समूह तक को मिलेगा प्रशिक्षण

संस्थान में पंचायत प्रतिनिधियों को ग्राम पंचायत विकास योजना, विकास कार्यों और वित्तीय प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। ग्राम पंचायत अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन तथा अभिलेखों के रखरखाव का प्रशिक्षण मिलेगा। मनरेगा कर्मियों को कार्ययोजना, मस्टर रोल और रोजगार से जुड़े विषयों की जानकारी दी जाएगी। वहीं, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को समूह संचालन, वित्तीय साक्षरता और आजीविका गतिविधियों के संचालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

————–

डिजिटल और तकनीकी दक्षता पर भी रहेगा जोर

प्रशासनिक भवन में कंप्यूटर और एआई रूम का भी प्रावधान किया गया है। ग्रामीण विकास योजनाओं में ऑनलाइन आवेदन, डिजिटल भुगतान, पोर्टल पर सूचनाओं का संकलन और ऑनलाइन निगरानी का महत्व बढ़ रहा है। ऐसे में इन सुविधाओं के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को डिजिटल प्रक्रियाओं की जानकारी देने में मदद मिलेगी।

————–

एक नजर में परियोजना

परियोजना : जिला ग्राम्य विकास संस्थान के आवासीय एवं अनावासीय भवनों का निर्माण।

स्थान : खेसरहा ब्लॉक, सिद्धार्थनगर।

वित्तीय वर्ष : 2025-26।

कुल लागत : 3214.43 लाख रुपये।

प्रशासनिक भवन : जी प्लस वन।

बालक छात्रावास : 100 बेड।

बालिका छात्रावास : 60 बेड।

आवासीय भवन : सात।

अन्य सुविधाएं : ऑडिटोरियम, लाइब्रेरी, कंप्यूटर रूम, एआई रूम, सीसी रोड, जलापूर्ति और अग्निशमन व्यवस्था।

कोट

खेसरहा में जिला ग्राम्य विकास संस्थान का परिसर विकसित होने से ग्रामीण विकास से जुड़े जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण की बेहतर सुविधा मिलेगी। आवासीय और अनावासीय प्रशिक्षण की व्यवस्था होने से जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभागियों को सहूलियत होगी।

-गौरव सिंह सोगरवाल, जिलाधिकारी

कोट

जिला ग्राम्य विकास संस्थान के प्रशिक्षण केंद्र के अनावासीय व आवासीय भवन के निर्माण कार्य के लिए धनराशि स्वीकृति के बाद नियमानुसार निविदा प्रक्रिया पूर्ण करते हुए निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। कार्यदायी फर्म को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया गया है।

-शैलेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X