VinFast VF5 फेसलिफ्ट से उठा पर्दा, इंडियन मार्केट में जल्द होगी लॉन्च; Nexon EV से मुकाबला
VinFast ने अपनी सबसे पॉपुलर कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक क्रॉसओवर VF5 के फेसलिफ्ट अवतार से ऑफिशियली पर्दा उठा दिया है. इंडियन मार्केट के लिए भी कन्फर्म हो चुकी ये इलेक्ट्रिक एसयूवी कंपनी की भारत में सबसे किफायती और मास-मार्केट पेशकश होगी. चार साल बाद मिले इस बड़े अपडेट में कार के एक्सटीरियर लुक को पहले से ज्यादा बॉक्सी और अपराइट बनाया गया है.
वहीं, केबिन को भी नया और मिनिमलिस्टिक रूप दिया गया है. इसके अलावा, कस्टमर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए इसमें नया और बड़ा बैटरी पैक भी जोड़ा गया है. भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखी जा चुकी और पेटेंट हो चुकी इस गाड़ी को किन खासियत के साथ इंडियन मार्केट में उतारा जाएगा? आइए जानते हैं.
डिजाइन और डायमेंशन
VinFast VF5 फेसलिफ्ट अब पहले से बड़ी (3,987 मिमी लंबी, 1,772 मिमी चौड़ी और 1,595 मिमी ऊंची) हो गई है, हालांकि इसका व्हीलबेस 2,514 मिमी और ग्राउंड क्लीयरेंस 178 मिमी तक है. फ्रंट में सिग्नेचर V लोगो के साथ फ्लैट क्रोम स्ट्रिप्स, बंपर पर नीचे लगे नए स्लिम एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप्स और वर्टिकल एयर इनटेक दिए गए हैं.
साइड प्रोफाइल में मोटी बॉडी क्लैडिंग, ब्लैक्ड-आउट पिलर्स, डुअल-टोन रूफ और 17 इंच के एयरो-ऑप्टिमाइज्ड अलॉय व्हील्स मिलते हैं. पीछे की तरफ फुल-विड्थ एलईडी लाइट बार और बड़ा रूफ स्पॉइलर इसे मॉडर्न लुक देता है.
इंटीरियर, फीचर्स और सेफ्टी
केबिन से पुराने एंगल्ड डैशबोर्ड को हटाकर फ्लैट लेआउट दिया गया है. इसमें नया टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और 10-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम है, जिसमें ड्राइवर डिस्प्ले के फंक्शन्स भी इंटीग्रेट किए गए हैं. रोटरी गियर डायल की जगह अब स्टीयरिंग के पीछे स्टॉक-माउंटेड ड्राइव सेलेक्टर दिया गया है, जिससे सेंटर कंसोल पर वायरलेस चार्जर, कपहोल्डर्स और स्लाइडिंग आर्मरेस्ट के लिए जगह बन गई है.
- फीचर्स: ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, क्रूज कंट्रोल, NFC की-कार्ड, स्मार्टफोन डिजिटल की, रियर एसी वेंट्स और 335 लीटर का बूट स्पेस.
- सेफ्टी: 6 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा, चारों पहियों में डिस्क ब्रेक, ESC, हिल होल्ड असिस्ट, ऑटो-होल्ड के साथ इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और TPMS.
बैटरी, मोटर और रेंज
VF5 फेसलिफ्ट में अब बड़ा 43 kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 370 किलोमीटर (NEDC-रेटेड) की रेंज देता है. इसमें फ्रंट-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर लगी है जो करीब 98-99 PS की पावर और 180 Nm का टॉर्क जेनरेट करती है. ये कार 13 सेकंड में 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है और 6.6 kW AC के साथ 60 kW DC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है.
लॉन्च, कीमत और कंपटीशन
विनफास्ट ने भारत में VF5 के लॉन्च की पुष्टि कर दी है और इसके 2027 की शुरुआत में भारतीय बाजार में दस्तक देने की उम्मीद है. भारत में इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत 10 लाख से 15 लाख रुपये के बीच हो सकती है. लॉन्च होने के बाद इसका सीधा मुकाबला Tata Nexon EV, Mahindra XUV 3XO EV और Kia Syros EV जैसी सब-4 मीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी से होगा.
