बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
जेनसन हुआंग का दौर खत्म: नए सीईओ की तलाश करने में जुटी एनवीडिया, जानें कंपनी का क्या होगा अगला प्लान – Nvidia Rules Out Jensen Huang’s Return, Interim Ceo Colette Kress Says Business Growth Priority
टेक्नोलॉजी

जेनसन हुआंग का दौर खत्म: नए सीईओ की तलाश करने में जुटी एनवीडिया, जानें कंपनी का क्या होगा अगला प्लान – Nvidia Rules Out Jensen Huang’s Return, Interim Ceo Colette Kress Says Business Growth Priority

November 18, 2026


जागृति शुक्ला

Wed, 18 Nov 2026 11:50 AM IST

सार

  • एनवीडिया ने हुआंग की वापसी से किया इनकार।
  • बोर्ड ने इस्तीफा सर्वसम्मति से स्वीकारा।
  • कोलेट क्रेस अंतरिम सीईओ की जिम्मेदारी संभाल रहीं।
  • कंपनी कारोबार और ग्राहकों पर करेगी फोकस।
Nvidia Rules Out Jensen Huang’s Return, Interim CEO Colette Kress Says Business Growth Priority
एनवीडिया की अंतरिम सीईओ कोलेट क्रेस – फोटो : amarujala.com

विस्तार

दुनिया की दिग्गज चिपमेकर कंपनी एनवीडिया ने अपने पूर्व चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर जेनसन हुआंग के इस्तीफे के बाद एक बड़ा और स्पष्ट रुख अपनाया है। कंपनी की अंतरिम सीईटो कोलेट क्रेस (Colette Kress) ने आधिकारिक तौर पर कंफर्म किया है कि कंपनी के बोर्ड ने हुआंग का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और उन्हें वापस सीईओ के पद पर नहीं रखा जाएगा। कोलेट ने साफ कहा कि बोर्ड हुआंग को दोबारा सीईओ बनाने के पक्ष में नहीं है। इस बदलाव के बाद अब एनवीडिया अपने बिजनेस की रफ्तार बनाए रखने, कर्मचारियों, ग्राहकों (कस्टमर्स) और शेयरहोल्डर्स पर ध्यान केंद्रित करना चाहती है।

एनवीडिया ने जेनसन हुआंग की वापसी से किया इंकार

  • एनवीडिया की अंतरिम सीईओ कोलेट क्रेस ने सीएनबीसी यूएस के इंटरव्यू में कहा कि जेनसन हुआंग ने खुद कंपनी में अपने पद से इस्तीफा दिया था और बोर्ड ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। बोर्ड ने उन्हें दोबारा सीईओ के पद पर बहाल नहीं करने का फैसला किया है।
  • क्रेस ने कहा कि कंपनी अब अपने कारोबार को आगे बढ़ाने पर ध्यान देना चाहती है। इसके साथ ही कर्मचारियों, ग्राहकों और शेयरधारकों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी। उनके मुताबिक, कंपनी आगे भी इसी दिशा में काम करेगी।
  • इससे पहले एनवीडिया के बोर्ड चेयरमैन हार्वे जोन्स भी साफ कर चुके हैं कि बोर्ड ने हुआंग का इस्तीफा सर्वसम्मति से स्वीकार किया है और उन्हें सीईओ के पद पर वापस लाने की कोई योजना नहीं है।

जेनसन ने दिया इस्तीफा

  • एनवीडिया ने 12 नवंबर 2026 को घोषणा की थी कि जेनसन हुआंग ने कंपनी के प्रेसिडेंट, सीईओ और बोर्ड सदस्य के पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद कंपनी की तत्कालीन चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ बनाया गया।
  • क्रेस सितंबर 2013 से एनवीडिया में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और सीएफओ की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। अंतरिम सीईओ बनने के बाद भी वह सीएफओ का पद संभालती रहेंगी। कंपनी का बोर्ड स्थायी सीईओ की तलाश कर रहा है। इसके लिए आंतरिक और बाहरी दोनों उम्मीदवारों पर विचार किया जाएगा। वहीं, हार्वे जोन्स को कंपनी के बोर्ड का पहला चेयरमैन नियुक्त किया गया है।

निजी जीवन से जुड़े विवाद के बीच छोड़ा पद

  • हुआंग का इस्तीफा ऐसे समय आया, जब उनके निजी जीवन से जुड़े कुछ खुलासे चर्चा में थे। रिपोर्ट्स में सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड की पूर्व एग्जीक्यूटिव एलिस हुआंग के साथ उनके कथित संबंधों का जिक्र किया गया। साथ ही इस मामले में चीनी खुफिया तंत्र से संभावित संबंधों और एडवांस्ड सेमीकंडक्टर चिप्स की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे हैं।
  • हुआंग ने पद छोड़ने के बाद अपने पहले सार्वजनिक बयान में निजी जीवन में ‘गंभीर गलतियां’ करने की बात स्वीकार की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर बोर्ड कंपनी और उसके शेयरधारकों के हित में उनकी वापसी को सही मानता है, तो वह दोबारा जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं। हालांकि, बोर्ड ने उनकी इस पेशकश को स्वीकार नहीं किया।

अब कंपनी का क्या है प्लान?

  • इस विवाद के बाद एनवीडिया ने राष्ट्रीय सुरक्षा और एक्सपोर्ट कंट्रोल यानी चिप्स के एक्सपोर्ट या निर्यात से जुड़े नियमों की निगरानी मजबूत करने की तैयारी में है। कंपनी ने इसके लिए नेशनल सिक्योरिटी और एक्सपोर्ट कंट्रोल ओवरसाइट कमेटी बनाई है।
  • इस कमेटी का उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों और एडवांस्ड चिप्स के निर्यात नियमों पर निगरानी रखना है। कंपनी इन मामलों में अपनी जिम्मेदारी और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना चाहती है।

अमेरिकी संसद में भी उठेंगे एनवीडिया से जुड़े सवाल

  • साथ ही यह मामला अब अमेरिकी संसद तक पहुंच गया है। जेनसन हुआंग एक दिसंबर को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की तीन समितियों के सामने पेश होंगे। वहीं, एनवीडिया के जनरल काउंसल टिम टेटर दो दिसंबर को अपना पक्ष रखेंगे।
  • इन बैठकों में कंपनी की भूमिका और संभावित राष्ट्रीय सुरक्षा उल्लंघन से जुड़े सवालों पर चर्चा हाे सकती है। वहीं, जांच का एक जरुरी पहलू यह भी है कि क्या एडवांस्ड एनवीडिया चिप्स तीन तक पहुंचने से जुड़े निर्यात नियमों का उल्लंघन हुआ था।

विवाद के बीच एनवीडिया का शानदार वित्तीय प्रदर्शन

  • इतने बड़े बदलाव और विवादों के बावजूद एनवीडिया ने तीसरी तिमाही में मजबूत वित्तीय नतीजे पेश किए हैं। कंपनी ने 25 अक्तूबर 2026 को खत्म हुई तिमाही में 115.8 अरब डॉलर का रेवेन्यू दर्ज किया। यह पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 103 फीसदी और पिछली तिमाही की तुलना में 20 फीसदी ज्यादा है।
  • कंपनी की प्रति शेयर कमाई (EPS) GAAP आधार पर 2.70 डॉलर और नॉन-गैप आधार पर 2.68 डॉलर रही। यानी विवाद के बीच भी कंपनी का कारोबार मजबूत बना हुआ है।

अब स्थायी सीईओ की तलाश करेगी एनवीडिया

  • एनवीडिया का बोर्ड अब कंपनी के लिए स्थायी सीईओ की तलाश करेगा। इसमें कंपनी के भीतर काम कर रहे अधिकारियों के साथ बाहरी उम्मीदवारों पर भी विचार किया जाएगा। बोर्ड चेयरमैन हार्वे जोन्स ने कोलेट क्रेस की नेतृत्व क्षमता पर भरोसा जताया है।
  • क्रेस ने भी संकेत दिया है कि कंपनी का कामकाज और कारोबार आगे बढ़ता रहेगा। फिलहाल एनवीडिया की प्राथमिकता कर्मचारियों, ग्राहकों और शेयरधारकों के साथ अपने रिश्तों को मजबूत बनाए रखने की है। जेनसन हुआंग की वापसी से इनकार के बाद कंपनी अब नए नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ रही है।
शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X