बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
संत कबीर नगर

Sant Kabir Nagar News:ननिहाल से गन्ना लेकर लौट रहे युवक को पीटा – Young Man Returning From His Maternal Grandparents’ Home With Sugarcane Gets Beaten Up

November 18, 2026


संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र में छठ पर्व के लिए ननिहाल से गन्ना लेकर लौट रहे गोरखपुर निवासी युवक को रास्ते में रोककर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने दो नामजद और उनके साथियों पर हॉकी, पत्थर और लात-घूंसों से हमला करने का आरोप लगाया है। मारपीट में युवक के सिर और दाहिने कान में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाल जयप्रकाश दूबे ने बताया कि गोरखपुर जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र के घघसरा बाजार निवासी विमलेश चौहान ने तहरीर में बताया कि 15 नवंबर को वह छठ पर्व के लिए अपने ननिहाल बयारा गांव गन्ना लेने आए थे। लौटते समय बयारा चौराहे पर गांव के शिवेश और शशिकरन चौहान ने उन्हें रोककर गाली दी। विरोध करने पर मारपीट की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दिया।

आरोप है कि इसके बाद विमलेश घर जाने लगे तो मंझरिया रेलवे क्रॉसिंग पार करते ही दोनों आरोपियों ने राहुल गौड़ और दो-तीन अज्ञात लोगों के साथ मिलकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद हॉकी, पत्थर और लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर से खून बहने लगा और दाहिने कान में भी गंभीर चोट आई। पीड़ित ने रीढ़ की हड्डी में चोट और पूरे शरीर में दर्द होने की बात भी कही है। विमलेश के अनुसार, हमलावर उन्हें घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए और जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X