प्रयागराज :मंत्री नंदी की मां विमला देवी का निधन, सीएम योगी और डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने जताया शोक – Minister Nandi’s Mother, Vimla Devi, Passes Away; He Shares The News In An Emotional Social Media Post.
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की मां विमला देवी का बुधवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। वहीं, मंत्री नंदी ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर मां को याद किया। उन्हें सांत्वना देने के लिए बड़ी संख्या में लोग बहादुरगंज स्थित उनके आवास पर पहुंच रहे हैं।
मंत्री नंदी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘आज मां की छाया सिर से दूर हो गई।’ उन्होंने कहा कि पिता के निधन के बाद मां ने ही परिवार को संभाला था। उनका स्नेह, ममत्व और आशीर्वाद हर कठिनाई से जूझने का संबल था। उनकी उपस्थिति जीवन में ईश्वरीय मौजूदगी जैसी थी।
मंत्री नंदी ने अत्यंत वेदना के साथ मां के निधन की सूचना साझा करते हुए बताया कि अंतिम यात्रा बुधवार अपराह्न तीन बजे निज आवास बहादुरगंज से दारागंज श्मशान घाट के लिए रवाना होगी। यहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सीएम योगी और डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने जताया दुख
मंत्री नंदी की मां के निधन की जानकारी मिलने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फोन पर उनसे वार्ता की और इस गहरे दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए शोक जताया। वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बहादुरगंज स्थित मंत्री नंदी के आवास पर जाकर पार्थिव शरीर के दर्शन किए और श्रद्धांजिल अर्पित की। मंत्री नंदी और पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी से मुलाकात कर ढांढस बंधाया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, विधायक पीयूष रंजन निषाद, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, महापौर गणेश केसरवानी ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी, सांसद भोला सिंह के साथ ही कई अन्य मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शोक संवेदना व्यक्त की।
