गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:शादी से तीन दिन पहले मंगेतर ने गर्भवती युवती की गला घोंटकर की हत्या, मकई के खेत में दफनाया शव – Bihar Kishanganj Pregnant Woman Murder Case Fiance Arrested
कोसी

बिहार:शादी से तीन दिन पहले मंगेतर ने गर्भवती युवती की गला घोंटकर की हत्या, मकई के खेत में दफनाया शव – Bihar Kishanganj Pregnant Woman Murder Case Fiance Arrested

November 19, 2026


Bihar Kishanganj Pregnant Woman Murder Case Fiance Arrested

गिरफ्तार आरोपी और बरामद कुदाल

विस्तार

बिहार के किशनगंज जिले के पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय गर्भवती युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में मृतका के मंगेतर वसीद आलम (24) को पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे रतनपुर गांव से गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया कुदाल भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, शादी से महज तीन दिन पहले आरोपी ने युवती को फोन कर मिलने के बहाने बुलाया और दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को मकई के खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया।

पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर को काला सिंधिया गांव निवासी जितानुल ने पहाड़कट्टा थाना में अपनी 23 वर्षीय पुत्री के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी 13 नवंबर की रात परिवार के साथ सोई थी। 14 नवंबर की सुबह करीब चार बजे जब वे उसे नमाज के लिए जगाने पहुंचे तो वह बिस्तर पर नहीं मिली। आसपास काफी खोजबीन करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पढे़ं: आठ हथियारबंद अपराधियों ने ज्वेलर्स में मचाया आतंक; जाते-जाते बोले- फिर आएंगे

एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने 15 नवंबर को युवती का शव गांव के पास एक खेत में गड्ढे में दबा हुआ बरामद किया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि युवती को उसके मंगेतर वसीद आलम ने फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि युवती के साथ उसकी करीब एक साल से दोस्ती थी और वह छह माह की गर्भवती थी। दोनों की शादी 16 नवंबर को तय हुई थी। हालांकि, आरोपी परिवार के दबाव में युवती से शादी नहीं करना चाहता था। इसी वजह से उसने अपने भाई और पिता के साथ मिलकर शादी से तीन दिन पहले हत्या की साजिश रची।

आरोपी के अनुसार, उसने युवती को घर के पास स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर मिलने के लिए बुलाया। वहां उसके दुपट्टे से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को मकई के खेत में ले जाकर कुदाल से गड्ढा खोदा और दफना दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया कुदाल बरामद कर लिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X