जौनपुर जिले के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के जमुहर बाजार के निकट बुधवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। एक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कल्याणपुर गांव निवासी अजय दुबे (47) पुत्र अष्टभुजा दुबे नगर के कई प्रतिष्ठानों में लेखा-जोखा का काम देखते थे। बुधवार देर रात काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे थे। वह मछलीशहर-जंघई मार्ग पर जमुहर बाजार के पास पहुंचे ही थे कि सामने से बाइक लेकर आ रहे कोटवा गांव निवासी शेर बहादुर (45) पुत्र मातादीन की बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय दुबे के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल शेर बहादुर को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।