Kangra News:कांगड़ा में विकास कार्यों पर खर्च हुए 122 करोड़ – Rs 122 Crore Spent On Development Works In Kangra
78 में से 38 सड़कें तैयार, 13 पुलों में दो का निर्माण कार्य पूरा
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने की कांगड़ा जोन की समीक्षा, अधिकारियों को समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। कांगड़ा जिले में चालू वित्त वर्ष के दौरान विभिन्न विकास कार्यों पर अक्तूबर तक 122 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) 3.0 के तहत स्वीकृत 78 सड़कों में से 38 का निर्माण पूरा हो गया है, जबकि 40 सड़कों पर काम जारी है। इसके अलावा 13 पुलों में से दो बनकर तैयार हो चुके हैं और नौ का निर्माण चल रहा है। तकनीकी कारणों से दो पुलों का काम फिलहाल रोका गया है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने वीरवार को मुख्य अभियंता कार्यालय धर्मशाला में कांगड़ा जोन के विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में कांगड़ा जिले को 133 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसमें से अक्तूबर तक 122 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना कोष के तहत स्वीकृत 22 परियोजनाओं में से 17 पूरी हो चुकी हैं, जबकि पांच पर काम जारी है। इस मद में प्राप्त 41 करोड़ रुपये में से 10 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। नाबार्ड के तहत मिले 64 करोड़ रुपये में से 42 करोड़ रुपये विकास कार्यों पर व्यय हुए हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में आठ राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों का निर्माण भी प्रगति पर है। बैठक में पुलिस अधीक्षक विकास जगोता, मुख्य अभियंता विकास सूद सहित कांगड़ा जोन के विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य और केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत पर्याप्त बजट उपलब्ध होने के बावजूद विकास कार्यों में देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने और जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर विकास कार्यों को समय पर पूरा करवाएं।
