Kannauj News:18 दिन में दो बार बदला उपायुक्त स्वतः रोजगार का प्रभार – Charge Of Deputy Commissioner (self-employment) Changed Twice In 18 Days
कन्नौज। जिले में उपायुक्त स्वतः रोजगार का प्रभार एक बार फिर बदल दिया गया है। अब परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण रामऔतार सिंह को इस पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। खास बात यह है कि महज 18 दिन के भीतर इस पद का प्रभार दूसरी बार बदला गया है। इससे विभागीय कामकाज की जिम्मेदारी लगातार अलग-अलग अधिकारियों के बीच स्थानांतरित हो रही है।
उपायुक्त स्वतः रोजगार राज कुमार लोधी 31 अक्तूबर को सेवानिवृत्त हो गए थे। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने एक नवंबर को उपायुक्त श्रम एवं रोजगार दिनेश कुमार यादव को इस पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा था। दिनेश कुमार यादव 18 दिन तक इस जिम्मेदारी को संभालते रहे। अब 18 नवंबर को डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के अनुमोदन के बाद परियोजना निदेशक रामऔतार सिंह को उपायुक्त स्वतः रोजगार का अतिरिक्त प्रभार दे दिया गया है। लगातार बदलते प्रभार के बीच अधिकारियों के पास पहले से ही कई विभागों की जिम्मेदारियां हैं। जिला विकास अधिकारी प्रतिभा जायसवाल कुछ दिनों से अवकाश पर हैं। ऐसे में उनके पास मौजूद जिला विकास अधिकारी का प्रभार भी परियोजना निदेशक रामऔतार सिंह को देखना पड़ रहा है। इसके अलावा उनके पास परियोजना अधिकारी नेडा का प्रभार भी है। वहीं, दिनेश कुमार यादव के पास जिला बचत अधिकारी और गोशाला के नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी है।
एक अधिकारी, कई विभागों की जिम्मेदारी
जिले में अधिकारियों के बीच अतिरिक्त प्रभार का बोझ लगातार बढ़ रहा है। एक ही अधिकारी को कई विभागों का काम देखना पड़ रहा है। ऐसे में नियमित विभागीय कार्यों के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
वर्जन
प्रशासनिक आवश्यकता और विभागीय कार्यों के सुचारु संचालन को देखते हुए उपायुक्त स्वतः रोजगार का अतिरिक्त प्रभार परियोजना निदेशक रामऔतार सिंह को सौंपा गया है। अधिकारियों के बीच कार्यों का वितरण जिलाधिकारी के अनुमोदन से किया गया है, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावित न हो।
– राजेंद्र कुमार श्रीवास, सीडीओ
