रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ballia News:देवोत्थान एकादशी पर तटों पर उमड़ी आस्था… श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई पुण्य की डुबकी – Devotthan Ekadashi Sees A Surge Of Faith Along The Riverbanks… Devotees Take A Sacred Dip In The Ganga
बलिया

Ballia News:देवोत्थान एकादशी पर तटों पर उमड़ी आस्था… श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई पुण्य की डुबकी – Devotthan Ekadashi Sees A Surge Of Faith Along The Riverbanks… Devotees Take A Sacred Dip In The Ganga

November 21, 2026


Devotthan Ekadashi sees a surge of faith along the riverbanks... Devotees take a sacred dip in the Ganga.

कार्तिक मास के एकादशी ति​थि पर उजियार घाट पर स्नान के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।संवाद

बलिया। भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के पर्व देवोत्थान एकादशी पर शुक्रवार को महर्षि भृगु की नगरी आस्था और भक्ति के रंग में सराबोर रही। महावीर गंगा घाट पर भोर से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सैकड़ों लोगों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की। वहीं, शुभ मुहूर्त के चलते मुंडन संस्कार कराने वालों की भी बड़ी संख्या में भीड़ पहुंची। गंगा घाट पर दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों, पूजा-पाठ और पारंपरिक मुंडन गीतों की गूंज सुनाई देती रही।

सुबह ठंड के बावजूद तड़के तीन बजे से ही श्रद्धालुओं के गंगा तट की ओर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दूर-दराज के क्षेत्रों से लोग विभिन्न वाहनों से महावीर घाट पहुंचे। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने महर्षि भृगु और बाबा बालेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। कार्तिक मास में कल्पवास कर रहे कल्पवासियों ने भी इस अवसर पर विशेष स्नान किया। उन्होंने तुलसी की माला, गंगाजल और फूल अर्पित कर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की।

देवोत्थान एकादशी पर महिलाओं ने तुलसी पूजन के साथ तुलसी विवाह की परंपरा विधि-विधान से निभाई। घरों और मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान हुए। पौराणिक मान्यता के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल पक्ष की हरिशयनी एकादशी को भगवान विष्णु चार महीने के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवोत्थान एकादशी को जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। धार्मिक पर्व को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मी पूरी तरह मुस्तैद रहे और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर बनाए रखी।

कार्तिक मास के एकादशी तिथि पर उजियार घाट पर स्नान के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।संवाद

कार्तिक मास के एकादशी तिथि पर उजियार घाट पर स्नान के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X