गुरु रविदास ने दिया समानता, मानवता और मेहनत का संदेश :डॉ. राजेंद्र – Guru Ravidas Gave A Message Of Equality, Humanity, And Hard Work: Dr. Rajendra
महेंद्रगढ़। संत शिरोमणि गुरु रविदास जन्म जयंती समिति के तत्वावधान में गुरु रविदास के 650वें जन्म जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को गुरु रविदास के जीवन, शिक्षाओं और वाणियों की जानकारी दी गई।
समिति की ओर से पूर्व उप जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद यादव मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास ने जात-पात से ऊपर उठकर मानवता, समानता और मेहनत का संदेश दिया। उनका ””मन चंगा तो कठौती में गंगा”” का संदेश आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने बेगमपुरा की संकल्पना पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर छात्रा नेहा यादव ने कविता और मानसी ने भाषण प्रस्तुत किया। दोनों की प्रस्तुतियों की सराहना की गई। समाजसेवी भंवर सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। प्राचार्य सुनील गौरा ने अतिथियों का स्वागत कर स्मृति चिह्न भेंट किए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर देते हैं। कार्यक्रम में डॉ. योगेंद्र, संजय शर्मा, महेंद्र सिंह, सुनील कुमार, प्रताप सिंह, इंद्रजीत सिंह, हरमीत सिंह, संदीप, रचना, सतीश और ललित सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
