Patiala News:घने कोहरे का कहर, अमृतसर में दृश्यता रही शून्य – Havoc Caused By Dense Fog; Visibility In Amritsar Drops To Zero
पंजाब में अगले दो दिन भी छाएगा घना कोहरा
4-5 दिसंबर को बूंदाबांदी के आसार, बढ़ेगी ठंड
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंजाब में बेहद घने कोहरे के चलते रविवार को सुबह के समय अमृतसर में दृश्यता शून्य दर्ज की गई जबकि लुधियाना में 200 मीटर रही। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब में आने वाले दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा लेकिन ठंड के साथ कोहरे का असर बढ़ सकता है।
मौसम विभाग ने आने वाले दो दिन प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में कुछ स्थानों पर घने से अति घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इसके बाद 4 और 5 दिसंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिन तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। 3 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 2 दिसंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से 4 और 5 दिसंबर को पंजाब में कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी के अनुसार अगले दो दिन गुरदासपुर और अमृतसर में अति घना कोहरा छा सकता है। पठानकोट, होशियारपुर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, रूपनगर, लुधियाना, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और नवांशहर में घना कोहरा रहने की संभावना है। खासकर रात और सुबह के समय वाहन चालकों को कम दृश्यता के कारण परेशानी हो सकती है।
प्रमुख शहरों का तापमान :
रविवार को पंजाब में दिन का तापमान सामान्य के आसपास रहा। मौसम विभाग के अनुसार औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। बठिंडा में सबसे अधिक 28 डिग्री तापमान रहा। वहीं, अमृतसर में अधिकतम तापमान 23.8, लुधियाना में 26.3, पटियाला में 26.6, फरीदकोट में 26.4, गुरदासपुर में 25.1 और बरनाला में 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान की बात करें तो आदमपुर में सबसे कम 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, लुधियाना का न्यूनतम तापमान 7.3, अमृतसर का 7.7, फरीदकोट का 8.2, बठिंडा का 9.2 और पटियाला का 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
