शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
यमुना में ‘जहरीले झाग’ पर सियासत:मनोज तिवारी ने लगाई डुबकी; किसे दिया चैलेंज? कालिंदी कुंज में दिखी सफेद परत – Toxic Foam Appeared In Yamuna At Kalindi Kunj Manoj Tiwari Took Dip In It Prompting Challenge From Aap
दिल्ली एनसीआर

यमुना में ‘जहरीले झाग’ पर सियासत:मनोज तिवारी ने लगाई डुबकी; किसे दिया चैलेंज? कालिंदी कुंज में दिखी सफेद परत – Toxic Foam Appeared In Yamuna At Kalindi Kunj Manoj Tiwari Took Dip In It Prompting Challenge From Aap

October 30, 2026


दिवाली और छठ पर्व से पहले दिल्ली में एक बार फिर से यमुना की स्वच्छता को लेकर सियासत शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी में आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। बता दें कि शुक्रवार को यमुना नदी में जहरीला झाग देखे गए। तस्वीर कालिंदी कुंज इलाके से सामने आई है। 

बीते दिन भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने यमुना में डुबकी लगाई। जिसके बाद आम आदमी पार्टी ने अपने एक्स पर एक वीडियो साझा कर मनोज तिवारी को चैलेंज दिया। आप ने कहा कि क्या मनोज तिवारी इस चैलेंज को स्वीकार करेंगे। पोस्ट में एक वीडियो साझा किया गया है। जिसमें एक तरफ मनोज तिवारी डुबकी लगा रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ 27 अक्तूबर का यमुना में बहते हुए झाग का वीडियो पोस्ट किया है।

सांसद मनोज तिवारी ने सोनिया विहार घाट पर लगाई डुबकी

उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने बीते बृहस्पतिवार सुबह सोनिया विहार घाट पर यमुना नदी में डुबकी लगाई। उन्होंने यह कदम यमुना जल से मुंह धोने के चर्चित वीडियो पर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देने के लिए उठाया। बुधवार को तिवारी ने विरोधियों को सोनिया विहार घाट आने की खुली चुनौती दी थी। चुनौती के मुताबिक, वह निर्धारित समय पर समर्थकों के साथ घाट पहुंचे। उन्होंने यमुना में डुबकी लगाकर विधिवत आचमन किया। 

यमुना की सफाई पर सियासत गरमाई

इसके बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की मानसिकता पर सवाल उठाए। तिवारी ने आरोप लगाया कि इन दलों ने वर्षों तक दिल्ली की सत्ता में रहकर यमुना सफाई के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार और घोटाले किए। उन्होंने कहा कि विरोधी दल यमुना के नाम पर करोड़ों रुपये का बजट डकार गए।

तिवारी ने कहा कि आज जब ईमानदारी से काम हो रहा है तो विरोधियों को पेट में दर्द हो रहा है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि उनमें सच का सामना करने की हिम्मत नहीं है। सांसद ने विश्वास जताया कि केंद्र और दिल्ली सरकार के संकल्प से तीन वर्षों में यमुना की निर्मल धारा पुन देखने को मिलेगी। स्नान के पश्चात उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर घाट पर एक विशेष स्वच्छता अभियान की में भाग लिया। इसमें स्थानीय जनमानस और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

यमुना में डुबकी लगाने से नहीं, प्रदूषण खत्म करने से मिलेगी मुक्ति : देवेंद्र यादव

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी के यमुना में डुबकी लगाने को राजनीतिक दिखावा करार दिया है। उन्होंने कहा कि कैमरों के सामने डुबकी लगाने से यमुना साफ नहीं होगी। नदी को प्रदूषण से मुक्ति दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने और जवाबदेही तय करने की जरूरत है। 

देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि यमुना आज भी गंदे नालों के पानी, प्रदूषण और जहरीले झाग की समस्या से जूझ रही है। भाजपा नेताओं को धार्मिक आस्था के प्रदर्शन के बजाय नदी की सफाई और प्रदूषण नियंत्रण पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि यदि यमुना साफ हो गई है तो नदी में गिरने वाले गंदे नालों और प्रदूषण की समस्या का स्थायी समाधान कहां है?

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X