Noida News:केंद्रीय टीम ने परखी फसल अवशेष प्रबंधन की व्यवस्था – Central Team Assessed The Arrangements For Crop Residue Management
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। धान की कटाई के बाद पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने और वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए जिले में किए जा रहे प्रयासों का जायजा लेने शुक्रवार को भारत सरकार की केंद्रीय टीम गौतमबुद्धनगर पहुंची। टीम ने जेवर, दादरी और बिसरख विकास खंडों के 20 से अधिक गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कस्टम हायरिंग सेंटर (सीएचसी), किसानों के खेतों और वहां उपलब्ध कृषि यंत्रों की स्थिति देखी। साथ ही फसल अवशेषों के वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए अपनाई जा रही तकनीकों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान टीम ने घरबरा, पारसोल, दादरी, नूरपुर और फूलपुर समेत विभिन्न गांवों का दौरा किया। टीम ने किसानों से बातचीत कर फसल अवशेषों के निस्तारण के तरीकों और कृषि यंत्रों के उपयोग के बारे में जानकारी प्राप्त की।
