Rajouri News:राजोरी के मोहड़ा में जमीन विवाद में रिटायर्ड एएसआई की हत्या, भाई गिरफ्तार – Retired Asi Murdered Over A Land Dispute In Mohra, Rajouri; Brother Arrested
-बेटे का आरोप- चाचा और उसके परिवार ने पिता पर किया हमला
-अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, पुलिस ने बीएनएस की धारा 103 के तहत मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। राजोरी जिले की तहसील कोटरंका की पंचायत मोहड़ा में शुक्रवार सुबह जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में जम्मू-कश्मीर पुलिस के सेवानिवृत्त एएसआई की मौत हो गई। मृतक की पहचान सखी मोहम्मद (निवासी मोहड़ा) पुत्र मोहम्मद इसराइल के रूप में हुई है। मृतक के बेटे के आरोप पर पुलिस ने उनके चाचा मोहम्मद रफीक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक के बेटे मोहम्मद कलीम ने आरोप लगाया कि उनका परिवार लंबे समय से चाचा मोहम्मद रफीक और उसके परिवार के साथ जमीन विवाद को लेकर तनाव में था। इस विवाद के चलते पहले भी उन्हें धमकियां दी गई थीं और मारपीट की घटनाएं हुई थीं। कलीम के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उनके पिता घर के पास अपनी जमीन पर किसी काम से गए थे। इसी दौरान उनके चाचा मोहम्मद रफीक, उनके बेटे जुल्फिकार अली और पत्नी परवीन अख्तर ने उन पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान उनके पिता जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल कोटरंका ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) राजोरी पहुंचाया। डॉक्टरों के बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
भाई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
पुलिस का कहना है कि आरोपी मोहम्मद रफीक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद मोहड़ा और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है।
