शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बैतूल:पानी मांगने के बहाने मंगलसूत्र लूटा, स्कूल से सिलेंडर चुराए, अब पुलिस के हत्थे चढ़ा निगरानीशुदा बदमाश – Betul: History-sheeter Held In Three Theft And Robbery Cases; Police Recover Property Worth 2.35 Lakh
बैतूल

बैतूल:पानी मांगने के बहाने मंगलसूत्र लूटा, स्कूल से सिलेंडर चुराए, अब पुलिस के हत्थे चढ़ा निगरानीशुदा बदमाश – Betul: History-sheeter Held In Three Theft And Robbery Cases; Police Recover Property Worth 2.35 Lakh

October 31, 2026


Betul: History-Sheeter Held in Three Theft and Robbery Cases; Police Recover Property Worth 2.35 Lakh

हिरासत में आरोपी

विस्तार

भैंसदेही अंचल में चोरी और लूट की वारदातों से दहशत फैलाने वाले निगरानी बदमाश को आखिरकार झल्लार पुलिस ने धरदबोचा। आरोपी ने पिछले कुछ महीनों में स्कूल में चोरी, महिला से मंगलसूत्र लूट और बाइक चोरी जैसी तीन बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसके पास से 2 लाख 35 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।

पकड़ा गया आरोपी सुभाष राठौर पुलिस रिकॉर्ड में निगरानी बदमाश है और पहले भी कई वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस को 21 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वह आमला रोड पर घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। सूचना मिलते ही झल्लार थाना प्रभारी वहीद खान ने तत्काल टीम गठित कर घेराबंदी की और उसे हिरासत में ले लिया। थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने तीनों वारदातें कबूल कर ली। 

ये भी पढ़ें: एमपी हाईकोर्ट : जेल में निरुद्ध करने के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती, संभागायुक्त रीवा को नोटिस

पहली वारदात 1 जुलाई को ग्राम भैसाघाट के शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय में हुई थी। चोर रात में स्कूल के किचन का ताला तोड़कर दो गैस सिलेंडर, कढ़ाई, गंज, थालियां और मध्यान्ह भोजन की खाद्यान्न सामग्री चुरा ले गए थे। प्रधान पाठक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया था। दूसरी वारदात 18 अक्टूबर को ग्राम सलाईढाना में हुई, जहां आरोपी ने एक महिला के घर पानी मांगने के बहाने दरवाजा खुलवाया और लोहे की रॉड दिखाकर उसके गले से मंगलसूत्र लूट लिया और फरार हो गया। तीसरी वारदात भी 18 अक्टूबर को ही पात्रा नदी क्षेत्र में हुई, जब महाराष्ट्र के परतवाड़ा निवासी युवक की खड़ी बाइक चोरी हो गई। 

पुलिस ने आरोपी के पास से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र, स्कूल से चोरी की गई दो गैस टंकियां और बर्तन, चोरी की दो मोटर साइकिलें और वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड बरामद की है। बरामद माल में एक लाख रुपये कीमत की हीरो स्प्लेंडर और 75 हजार की सीबी शाइन बाइक भी शामिल है। पुलिस के अनुसार आरोपी का एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए टीम लगातार दबिश दे रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X