शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
औरैया

Auraiya News:बस स्टेशन की अधूरी पड़ी चहारदीवारी जल्द बनेगी – The Incomplete Boundary Wall At The Bus Station Will Be Constructed Soon

November 1, 2026


अजीतमल। लंबे समय से बदहाली का सामना कर रहे अजीतमल-बाबरपुर बस स्टेशन की पूर्वी दिशा में अधूरी पड़ी चहारदीवारी का निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए 12 लाख 20 हजार 400 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए लखनऊ भेजा गया है। वहां से स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

बस स्टेशन की पूर्वी ओर बनी चहारदीवारी लंबे समय से क्षतिग्रस्त और अधूरी पड़ी है। इसके चलते परिसर में आवारा पशुओं के साथ अराजक तत्वों का भी आसानी से प्रवेश हो रहा है। इससे बस स्टेशन की व्यवस्था प्रभावित होने के साथ परिसर को भी नुकसान पहुंच रहा है। स्थानीय लोगों और यात्रियों की ओर से लगातार चहारदीवारी बनवाने की मांग की जा रही थी। इसके बाद परिवहन निगम ने मरम्मत और निर्माण की प्रक्रिया शुरू की।

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से 15 सितंबर 2026 को चहारदीवारी के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसमें बस स्टेशन अजीतमल-बाबरपुर की क्षतिग्रस्त चहारदीवारी की मरम्मत का कार्य शामिल किया गया है। निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है लेकिन अभी कार्यदायी संस्था का अंतिम चयन नहीं हुआ है। इसके लिए लखनऊ से प्रस्ताव को मंजूरी मिलना बाकी है।

दीवार का निर्माण होने से बस स्टेशन परिसर में आवारा पशुओं का प्रवेश रुक सकेगा। साथ ही परिसर की सुरक्षा और साफ-सफाई व्यवस्था में भी सुधार होने की उम्मीद है। परिवहन निगम के अवर अभियंता नवनीत गोयल ने बताया कि निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। प्रस्ताव स्वीकृति के लिए लखनऊ भेजा गया है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद कार्यदायी संस्था तय होगी और निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। निर्माण निर्धारित समय में पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X